सासाराम में मुल्तानी मिट्टी से अनोखी होली:रासायनिक रंगों से परहेज, पर्यावरण-सुरक्षा का संदेश, प्रशासन की कड़ी निगरानी रही

रोहतास जिले के सासाराम में होली का उत्साह चरम पर है। इस बार चंद्रवंशी नगर की होली विशेष चर्चा में है, जहाँ लोगों ने रासायनिक रंगों और कीचड़ के बजाय मुल्तानी मिट्टी से होली खेलने की अनूठी पहल की है। चंद्रवंशी नगर के युवाओं और स्थानीय निवासियों ने एक गड्ढे में मुल्तानी मिट्टी तैयार की और उसी से एक-दूसरे को रंग लगाकर होली का आनंद लिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इस अनोखे तरीके से पर्व मनाया। मुल्तानी मिट्टी त्वचा के लिए लाभकारी विकल्प
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में उपलब्ध कई रंग त्वचा को नुकसान पहुँचाते हैं, और कीचड़ से संक्रमण का खतरा रहता है। ऐसे में मुल्तानी मिट्टी एक सुरक्षित और त्वचा के लिए लाभकारी विकल्प है। यह शरीर को ठंडक भी पहुँचाती है। इस पहल के माध्यम से मोहल्लेवासियों ने पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया है। सासाराम में जहाँ एक ओर पारंपरिक रंग-गुलाल की धूम है, वहीं चंद्रवंशी नगर की यह पहल सुरक्षित और प्राकृतिक होली मनाने की प्रेरणा दे रही है। जिला प्रशासन ने भी शहर के विभिन्न चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नज़र रखी जा रही है और मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *