मोहाली में होली पर मारपीट, कुर्सियां-डंडे चले:लोगों ने घर-दुकान बंद की; शराब के नशे में थे युवक, पहले हुई आपसी कहासुनी

मोहाली जिले के डेराबस्सी के दादपुर मोहल्ला में होली पर कथित तौर पर गुंडागर्दी और मारपीट का मामला सामने आया है। यहां सुंदर पेंट वाले की दुकान के पास हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में कुछ युवक आपस में झगड़ते हुए कुर्सियां और डंडे चलाते हुए दिख रहे हैं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासियों के अनुसार, होली के दिन शाम के समय कुछ युवक शराब के नशे में इकट्ठा हुए थे। उनके बीच कहासुनी हुई जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। अचानक शुरू हुए इस हंगामे से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। डरते हुए लोगों ने अपनी दुकानों के शटर बंद कर लिए, वहीं घरों के दरवजे बंद कर लिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। मोहल्ला निवासियों का आरोप है कि यह घटना नई नहीं है। उनका कहना है कि कुछ युवक रोजाना शराब पीकर इलाके में शोर-शराबा और झगड़ा करते हैं। लोग बोले- पुलिस को कई बार शिकायत दे चुके स्थानीय लोगों ने बताया कि इस संबंध में कई बार पुलिस में शिकायत भी दी जा चुकी है। एक स्थानीय दुकानदार ने कहा, “पुलिस आती है तो थोड़ी देर के लिए माहौल शांत हो जाता है, लेकिन रात होते ही फिर वही हालात बन जाते हैं।” एक महिला ने यह भी बताया कि मकान मालिकों को भी किराएदारों के व्यवहार के बारे में सूचित किया गया है, लेकिन वे कोई कार्रवाई नहीं करते। लोगों की सख्त कार्रवाई की मांग लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अभी तक पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *