हिमाचल CM 21 मार्च को पेश करेंगे बजट:18 से शुरू होगा विधानसभा सत्र, 2 अप्रैल तक चलेगा, दूसरे चरण में 13 सिटिंग होंगी

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण 18 मार्च से शुरू होगा। जो 2 अप्रैल तक चलेगा। इसमें कुल 13 सिटिंग होंगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 21 मार्च को वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे। सीएम सुक्खू का अपने कार्यकाल का यह चौथा बजट होगा। इससे पहले 18 से 20 मार्च तक राज्यपाल के बजट अभिभाषण पर चर्चा होगी। 22 मार्च को अवकाश रहेगा, जबकि 23 मार्च से बजट अनुमानों पर चर्चा शुरू होगी और 28 मार्च तक जारी रहेगी। इस दिन बजट पारित किया जाएगा। 29 मार्च को अवकाश होगा। 30 मार्च से 2 अप्रैल तक विभिन्न विधेयक सदन में रखे जाएंगे। प्रदेशवासियों की नजर सीएम सुक्खू के पिटारे पर रहेंगी, क्योंकि केंद्र ने लगभग 10 हजार करोड़ की RDG भी बंद कर दी है। इससे पहले राज्य की लोन लेने की सीमा GDP के 5 प्रतिशत से घटाकर 3 प्रतिशत की जा चुकी है। इसी तरह, जून 2022 से 3000 करोड़ रुपए का GST कंपेनसेशन मिलना भी बंद हो गया है। ऐसे में सीएम सुक्खू इस घाटे को कैसे पूरा करते हैं, यह देखना दिलचस्प रहेगा। पहले चरण का सत्र 16 से 18 मार्च तक हो चुका बता दें कि, विधानसभा बजट सत्र का पहला चरण 16 से 18 मार्च तक हो चुका है। इसकी शुरुआत राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के अभिभाषण से हुई। इस सत्र में रेवेन्यू डेफिसिट ग्रांट (RDG) बंद करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और इसकी बहाली के लिए एक प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा गया है। हिमाचल के इतिहास में दो चरणों में पहली बार बजट सत्र हिमाचल के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है, जब बजट सत्र दो चरणों में हो रहा है। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि सुक्खू सरकार ने RDG पर चर्चा के लिए 16 मार्च को एक दिन का विशेष सत्र बुलाया था। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने इसकी इजाजत नहीं दी थी। इसके बाद तीन दिन का पहले चरण का सत्र बुलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *