फाजिल्का जिले में अबोहर के सीट फार्म गांव में 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अंतिम संस्कार के दौरान मृतक की पहली पत्नी और उसके परिजनों के पहुंचने से विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान काला सिंह (लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से श्री मुक्तसर साहिब जिले के लंबी हलके के फत्तूहीवाला गांव का निवासी था। उसकी पहली शादी परमजीत कौर से हुई थी, जिनसे उसके दो बेटे और एक बेटी हैं। करीब 15 साल पहले घरेलू विवाद के कारण वह अपनी पहली पत्नी से अलग हो गया था और अबोहर के सीट फार्म गांव में दूसरी पत्नी किंदर कौर के साथ रह रहा था।
आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। मृतक की दूसरी पत्नी किंदर कौर के अनुसार, काला सिंह ने देर रात आत्महत्या की थी। वहीं, पहली पत्नी परमजीत कौर और उसके बच्चों ने मृतक के गले पर निशान होने का हवाला देते हुए मौत को संदिग्ध बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की। पहली पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप सूचना मिलने पर नगर थाना-1 के प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए अंतिम संस्कार रुकवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवाया।पहली पत्नी और बच्चों ने मांग की है कि काला सिंह का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव फत्तूहीवाला (श्री मुक्तसर साहिब) में किया जाए। उन्होंने दूसरी पत्नी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।