पानीपत जिले के सनौली थाना क्षेत्र में एक युवती ने गांव के ही तीन मनचले युवकों पर पीछा करने, धमकी देने और बदनाम करने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इस संबंध में थाना सनौली में लिखित शिकायत देकर सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, शिकायत मिलने पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। खेत में काम करने जाती है पीड़िता शिकायत के अनुसार, एक गांव के 22 वर्षीय युवती ने बताया कि वह मजदूरी का काम करती है और खेतों में जाती है। इसी दौरान गांव के तीन युवक- मुनशाद, अंकुर और अमन अक्सर उसका पीछा करते हैं और उसे परेशान करते हैं। फोन पर बात करने का बनाया दबाव पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उस पर फोन पर बात करने का दबाव बनाते हैं। मना करने पर वे उसकी पुरानी रिकॉर्डिंग, फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देते हैं। शिकायत में कहा कि आरोपियों ने उसे और उसके रिश्तेदार को जान से मारने की धमकी दी है। धर्म परिवर्तन का भी दबाव शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपियों में से एक ने कथित रूप से धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया और मना करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उधर, सनौली थाना पुलिस ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।