बर्थडे के बाद शादी की प्लानिंग, सूट भी दिलाया:यमुनानगर में बॉयफ्रेंड को मरवाकर उसी के घर पहुंची गर्लफ्रेंड, परिवार के साथ लंच किया

यमुनानगर के राजीव हत्याकांड में एक नया खुलासा हुआ है। राजीव मार्च के पहले हफ्ते में अपनी गर्लफ्रेंड स्नेहा से शादी करने वाला था। 1 मार्च को राजीव का जन्मदिन था और उसने स्नेहा के लिए एक सूट भी खरीदा था। यह जानकारी राजीव के भाई हर्ष ने दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में दी। हर्ष ने बताया कि 27 फरवरी को राजीव लापता हो गया था। अगले दिन स्नेहा उनके घर आई और परिवार को बताया कि उसे नहीं पता कि राजीव कहां है। उसने परिवार के साथ लंच भी किया, जबकि एक दिन पहले ही स्नेहा ने अपने दूसरे बॉयफ्रेंड अमित के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। राजीव का शव 1 मार्च को रेलवे लाइन के पास जंगल में मिला था। उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। उसके मुंह में चुन्नी ठूंसी हुई थी और होंठों को ग्लू से चिपकाया गया था। पुलिस इस मामले में स्नेहा और उसके पहले बॉयफ्रेंड अमित को गिरफ्तार कर चुकी है। पहले जानिए राजीव और स्नेहा कैसे रिलेशनशिप में आए…. डेढ़ साल पहले दोनों रिलेशनशिप में आए हर्ष ने बताया कि राजीव और स्नेहा करीब डेढ़ साल पहले रिलेशनशिप में आए थे। स्नेहा के बारे में घरवालों को पहले से पता था और उन्होंने कई बार राजीव को समझाया भी था कि वह उससे दूरी बना ले, लेकिन राजीव ने किसी की बात नहीं मानी। राजीव की कमाई से ही घर का खर्च चलता था, लेकिन इसके बावजूद वह अपनी आधी कमाई स्नेहा पर खर्च कर देता था। स्नेहा की जिद पर सीने पर नाम का टैटू बनवाया हर्ष के मुताबिक, स्नेहा की जिद पर राजीव कई काम करता था। कुछ महीने पहले दोनों कोपालमोचन मेले में साथ गए थे, जहां स्नेहा ने राजीव से अपने नाम का टैटू बनवाने की जिद की। पहले तो राजीव ने मना कर दिया, लेकिन बाद में स्नेहा के दबाव में आकर उसने अपने सीने पर उसके नाम का टैटू गुदवा लिया। राजीव ने कुछ दिनों तक यह बात घर वालों से छिपाकर रखी, लेकिन बाद में खुद ही बताया कि स्नेहा के कहने पर उसे यह टैटू बनवाना पड़ा। जन्मदिन के बाद शादी करने वाला था हर्ष के अनुसार, राजीव भी स्नेहा के दूसरे प्रेमी अमित की तरह उसके प्यार में पूरी तरह अंधा हो चुका था।। स्नेहा जो भी कहती, वह तुरंत करने को तैयार हो जाता। 1 मार्च को राजीव का 21वां जन्मदिन था और वह अपने जन्मदिन के एक हफ्ते बाद स्नेहा से शादी करना चाहता था। राजीव ने स्नेहा के लिए एक सूट भी खरीदा था और चाहता था कि वह उसके जन्मदिन पर वही सूट पहनकर आए। अब जानिए राजीव के लापता होने के बाद क्या-क्या हुआ…. दूसरे नंबर पर फोन किया तो स्नेहा ने उठाया हर्ष ने बताया कि राजीव के पास 2 मोबाइल थे। 27 फरवरी को जब वह लापता हुआ तो उसका एक मोबाइल बंद आ रहा था। रातभर परिवार इंतजार करता रहा। 28 फरवरी की सुबह परिवार ने राजीव के दूसरे नंबर पर कॉल की। फोन राजीव की गर्लफ्रेंड स्नेहा ने उठाया। उन्होंने स्नेहा से पूछा कि राजीव कहां है? इस पर स्नेहा ने कहा कि यह फोन राजीव ने उसे दे रखा है। 27 फरवरी की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे राजीव उससे सिटी सेंटर पर मिला था। इसके बाद वह वहां से कहीं चला गया। राजीव के परिवार के साथ लंच किया हर्ष के मुताबिक, स्नेहा 28 फरवरी की दोपहर 12 बजे उनके घर पर आई। उसने परिवार को विश्वास दिलाने की कोशिश की कि उसे राजीव के बारे में कुछ भी नहीं पता। इसके बाद उसने परिवार के साथ बैठकर लंच भी किया। स्नेहा घर थी तो उसके चेहरे के हावभाव बिल्कुल सामान्य थे, जैसे कुछ हुआ ही न हो। जबकि वह अपने दूसरे बॉयफ्रेंड अमित से उसे पहले ही मरवा चुकी थी। साढ़े 3 बजे स्नेहा अपने घर चली गई। शव मिलने के बाद अस्पताल भी आई हर्ष ने बताया कि 1 मार्च को राजीव का शव तीर्थ नगर के पास रेलवे लाइन के नजदीक जंगल में मिला। यह इलाका स्नेहा के घर के आसपास ही पड़ता है। करीब 11 बजे परिवार को भी सूचना मिल गई कि राजीव की हत्या हो चुकी है और उसका शव अस्पताल में रखा है। परिवार जब मॉर्च्युरी पहुंचा तो स्नेहा वहां भी आ गई और खुद को बेगुनाह साबित करने का नाटक करती रही। इसी दौरान पुलिस ने उसे वहीं से हिरासत में ले लिया। जांच अधिकारी बोले- दूसरे लोगों की भूमिका देख रहे राजीव हत्याकांड के मामले की जांच कर रहे CIA-2 इंचार्ज राकेश ने बताया कि मुख्य आरोपी स्नेहा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि उसके प्रेमी अमित से रिमांड के दौरान लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस हत्या की साजिश में और कौन-कौन शामिल था। मामले के हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा। —————————— ये खबर भी पढ़ें :- ’10 साल के प्यार के लिए परिवार बर्बाद किया’:यमुनानगर में आरोपी की पत्नी बोली- गर्लफ्रेंड का ऐसा जुनून, उसका दूसरा बॉयफ्रेंड तक मार दिया
यमुनानगर में लव ट्रायंगल में हुई राजीव की हत्या में खुलासा हुआ है। आरोपी अमित की पत्नी ने बताया कि अमित पर स्नेहा का जुनून सवार था। उसे दोनों के रिश्ते के बारे में शुरू से पता था। उसने कभी नहीं सोचा था कि अमित स्नेहा के लिए उसके दूसरे बॉयफ्रेंड की हत्या तक कर देगा। पढ़ें पूरी खबर….

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *