17 साल के भतीजे ने चाची की हत्या की:मेरठ में कनपटी में सटाकर गोली मारी; थाने पहुंचकर बोला- आए दिन झगड़ा करती थी

मेरठ में गुरुवार सुबह भतीजे ने बेडरूम में घुसकर सगी चाची की हत्या कर दी। कनपटी में सटाकर तमंचे से गोली मारी और मौके से भाग गया। थोड़ी देर में मवाना थाने में आरोपी ने सरेंडर कर दिया। पुलिस से बोला- आए दिन चाची झगड़ा करती थी, इसीलिए गोली मार दी। सुबह करीब 9:20 बजे सभी घर के कामों में बिजी थे, तभी गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिवार के लोग दौड़े तो पूजा त्यागी (32) बेडरूम में फर्श पर पड़ी तड़प रही थी। इतने में 17 साल के भतीजे को तमंचा लेकर भागते देखा। थोड़ी ही देर में पूजा ने दम तोड़ दिया। 4 साल पहले मोदीनगर की रहने वाली पूजा की शादी धर्मेंद्र त्यागी से हुई थी। पूजा का 6 माह का बेटा भी है। घटना हस्तिनापुर के गणेशपुर गांव की है। हस्तिनापुर थाने की फोर्स और पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे हैं। फोरेंसिक टीम ने भी सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। 3 तस्वीरें देखिए- पति बोला- हंसते-खेलते परिवार को भतीजे ने उजाड़ दिया
मृतका पूजा का 6 महीने का बच्चा है। पति धर्मेंद्र त्यागी लाश देखकर बेसुध हो गए। रो-रोकर कहते रहे- एक हंसते-खेलते परिवार को भतीजे ने उजाड़ कर रख दिया। बच्चे को नहीं पता कि उसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा है। आरोपी भतीजा अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था। घर में पूजा के ससुर राजकुमार त्यागी (65) अपने 2 बेटों देवेंद्र और धर्मेंद्र के परिवार के साथ रहते हैं। मृतका पूजा के पति धर्मेंद्र खेती करते हैं। धर्मेंद्र के बड़े भाई देवेंद्र हैं जो फौज में हैं। दो दिन पहले ही देवेंद्र छुट्टी बिताकरड्यूटी पर वापस गए हैं। देवेंद्र के बड़ा बेटा हिमांशु और छोटा बेटा आरोपी, जिसने गोली मारी, वह है। हत्या कर भतीजे ने मवाना थाने में सरेंडर किया सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया- आरोपी ने हत्या कर मवाना थाने में सरेंडर कर दिया है। उसका कहना था कि आए दिन चाची से कहासुनी होती थी, झगड़ा करती थी। इसी वजह से दोनों में मन-मुटाव हुआ तो तमंचे से गोली मार दी। फिर भागकर मवाना थाने आ गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। तमंचा कहां से मिला, पुलिस ये पता कर रही है। —————– ये खबर भी पढ़िए- MBBS छात्र की लाश 30 मिनट रेलिंग से लटकी रही: गोरखपुर में फार्च्यूनर ने टक्कर मारी, दोस्त डॉक्टर से बोला- जिंदा कर दीजिए गोरखपुर में बेकाबू फॉर्च्यूनर की टक्कर से स्कूटी सवार MBBS छात्र की मौत हो गई। छात्र होली पर दोस्त के घर गया था। रात में खाना खाकर हॉस्टल जा रहा था। ओवरब्रिज पर फॉर्च्यूनर ने स्कूटी में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्र हवा में उछला और 15 मीटर दूर ओवरब्रिज की रेलिंग से टकराकर औंधे मुंह लटक गया। आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और ओवरब्रिज पर भीड़ लग गई। लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने छात्र को रेलिंग से नहीं उतारा। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *