कैथल से शादी के 2 दिन बाद विवाहिता फरार:सोने-चांदी के जेवर ले गई साथ; परिवार के सदस्य सो रहे थे

कैथल जिले में कलायत थाना के तहत आने वाले गांव से करीब 21 वर्षीय विवाहिता शादी के दो दिन बाद ही बिना बताए घर से चली गई। वह घर से सोने चांदी के जेवर भी अपने साथ ले गई। रात को जब परिवार के सभी सदस्य सो गए तो वह घर से चुपचाप गहने लेकर निकल गई। गांव के मंदिर में हुई थी शादी इस संबंध में विवाहिता के पति ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कलायत थाना में केस दर्ज कर लिया है। लड़के ने अपनी शिकायत में बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी करता है। उसकी शादी 1 मार्च 2026 को यूपी के एक गांव निवासी युवती के साथ गांव के मंदिर में हुई थी। परिवार के सदस्य सो रहे थे 3 मार्च को रात के समय उनके परिवार के सदस्य सो रहे थे। इस दौरान उसकी पत्नी किसी को बताए बिना घर से चली गई। उन्होंने अपने स्तर पर उसे ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। रिश्तेदारियों में भी फोन कर पता किया, लेकिन वहां भी कोई जानकारी नहीं मिली। शिकायतकर्ता ने उसकी पत्नी की तलाश करने व गहने बरामद करने की मांग की है। यूपी की महिला ने करवाया था रिश्ता लड़के के परिजनों ने बताया कि उनका रिश्ता यूपी की ही रहने वाली एक महिला उषा ने करवाया था। इसकी एवज में रिश्ता करवाने वाली महिला ने उनसे डेढ़ लाख रुपए भी लिए थे। शादी में लड़की के परिवार के साथ-साथ बिचोलिया महिला भी आई थी। विवाहिता जो गहने लेकर फरार हुई है उनमें चांदी की चेन, चांदी की अंगूठी, सोने का मंगलसूत्र व नाक का कोका शामिल है। इन गहनों की कीमत करीब 1 लाख रुपए है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस कलायत थाना के जांच अधिकारी विजेंद्र कुमार ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच व विवाहिता की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *