मोगा में एक्सीडेंट में व्यक्ति की मौत:डेढ़ महीने पहले हुआ था हादसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

मोगा जिले में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव दौधर शरकी निवासी रमनदीप सिंह के रूप में हुई। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस चौकी बिलासपुर में तैनात एएसआई कमलदीप सिंह ने बताया कि रमनदीप सिंह करीब डेढ़ महीने पहले एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के तुरंत बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे अपने ससुराल में रहकर इलाज करवा रहे थे। हालांकि, गत दिवस उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल मोगा में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। एएसआई कमलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर लिए हैं और उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है। गौरतलब है कि जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। प्रशासन द्वारा लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *