भिवानी में दो बच्चों की मां ने किया सुसाइड:7 साल पहले हुई शादी, ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप, पति-सास-ननद के खिलाफ केस दर्ज

भिवानी जिले के गांव भुंगला में 28 वर्षीय विवाहिता अनुबाला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना गांव के सरपंच प्रतिनिधि पवन द्वारा लोहारू थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुरारी लाल अपनी टीम सहित मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अनुबाला की शादी करीब सात वर्ष पहले हुई थी। वह पांच वर्षीय बेटे और एक तीन वर्षीय बेटी की मां थी। महिला अपने पीछे पति, सास और ससुर को भी छोड़ गई है। मामले की जांच कर रही पुलिस मृतका के शव का पोस्टमार्टम लोहारू के उप नागरिक अस्पताल में कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले के जांच अधिकारी उपनिरीक्षक सज्जन सिंह ने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है। इस बीच, मृतका के पिता बलजीत निवासी गांव बिठला, जिला झज्जर ने लोहारू पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल पक्ष द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था। शिकायत में मृतका के पति, सास और ननद पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *