लुधियाना में होली के बाद तेज म्यूजिक को लेकर विवाद:पड़ोसी ने पिकअप चढ़ाकर युवक और बुजुर्ग महिला को कुचला, डबल मर्डर से सनसनी

लुधियाना में साहनेवाल के वाल्मीकि मोहल्ला में होली के बाद तेज म्यूजिक को लेकर हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने एक युवक पर पिकअप गाड़ी चढ़ा दी। उसे बचाने आई 62 वर्षीय महिला को भी वाहन से कुचल दिया गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। मृतकों की पहचान भूपिंदर सहोता उर्फ ऋतिक (25) और बलविंदर कौर (62) के रूप में हुई है। भूपिंदर पेशे से इलेक्ट्रीशियन था और इलाके में ही रहता था। तेज म्यूजिक को लेकर शुरू हुआ था विवाद पुलिस को दिए बयान में भूपिंदर के भाई रोहित ने बताया कि बुधवार को इलाके में लोगों ने होली का त्योहार मनाया था। रात के समय पड़ोसी विशाल ने गली में खड़ी अपनी गाड़ी में तेज आवाज में म्यूजिक चलाना शुरू कर दिया। भूपिंदर ने उसे आवाज कम करने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि विशाल ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया और देखते ही देखते झगड़ा बढ़ गया। बदमाशों ने मोहल्ले में खड़ी गाड़ियां भी तेड़ी। पिकअप से कुचलकर की हत्या शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने भूपिंदर की पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी जसविंदर सिंह ने उसे सबक सिखाने की धमकी दी और पिकअप वैन स्टार्ट कर भूपिंदर को टक्कर मार दी। गाड़ी के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाली बलविंदर कौर उसे बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी वाहन चढ़ा दिया, जिससे उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई। दीवार से टकराई गाड़ी, आरोपी फरार घटना के बाद पिकअप वैन एक दीवार से टकरा गई। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन और स्थानीय लोग दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 4 नामजद सहित कई पर केस साहनेवाल थाना पुलिस ने रोहित के बयान पर विशाल, उसके पिता हरिंदर सिंह उर्फ गोल्डी (निवासी बाल्मीकि मोहल्ला), जसविंदर सिंह (गांव चक्क सराय, दोराहा), जसप्रीत सिंह और करीब 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ BNS की धारा 103 (हत्या) और 61 (आपराधिक साजिश) के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी थाना साहनेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर वरिंदरपाल सिंह उप्पल ने बताया कि सभी आरोपी घटना के बाद से फरार हैं और उनके शहर से बाहर भागने की आशंका है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *