मानसा शहर में नगर कौंसिल ने एक दुकानदार द्वारा अपनी दुकान के बाहर सड़क पर किए जा रहे काम को बुलडोजर चलाकर रोक दिया। इस कार्रवाई के बाद दुकानदार और नगर कौंसिल के कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हुई। यह घटना मानसा के 12 हटा चौक पर हुई, जहां एक दुकानदार अपनी दुकान के सामने सड़क पर पड़े गड्ढों को भरवा रहा था। नगर कौंसिल के कर्मचारी बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे और सड़क पर बिछाई गई सामग्री को हटाकर काम बंद करवा दिया। दुकानदार बोले- गड्डों से परेशान थे दुकानदार कुलदीप सिंह, प्रदीप कुमार और अमरजीत कटोरिया ने बताया कि उनकी दुकान के बाहर सड़क पर गड्ढे थे, जिससे बारिश में पानी जमा हो जाता था। इससे ग्राहकों और आम लोगों को परेशानी होती थी। नगर कौंसिल ने काम रुकवाया उन्होंने कहा कि वे खुद मिस्त्री बुलाकर गड्ढे भरवा रहे थे, लेकिन नगर कौंसिल ने उनका काम रोक दिया और सामग्री हटा दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शहर में खुलेआम हो रहे अवैध कब्जों पर नगर कौंसिल कोई कार्रवाई नहीं करती। अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं- अध्यक्ष वहीं, नगर कौंसिल के अध्यक्ष सुनील कुमार नीलू ने बताया कि उन्हें सुबह से ही दुकान के बाहर अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और कर्मचारियों को भेजकर काम रुकवाया। नीलू ने स्पष्ट किया कि शहर में कहीं भी कोई अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा और लोगों से अपील की कि वे स्वयं ऐसे कब्जे हटा लें, अन्यथा नगर कौंसिल कार्रवाई करेगी।