हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में गुरुवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला जलाया और शहर में विरोध रैली निकाली। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष निखिल की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में रैली निकाली और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार पर जनविरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। पुलिस से हुई हल्की बहस, स्थिति रही नियंत्रण में पुतला जलाने के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की बहस भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया और किसी प्रकार की बड़ी घटना नहीं हुई। लोकतंत्र में विरोध जताना अधिकार: निखिल युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष निखिल ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ पूरे देश में युवा कांग्रेस आवाज उठा रही है। उन्होंने दिल्ली में युवा कांग्रेस नेताओं पर की गई कार्रवाई को गलत ठहराते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध जताना हर नागरिक का अधिकार है। तरुण ठाकुर ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण ठाकुर ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हाल की कुछ घटनाओं से देश की छवि को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि “देश तब बदनाम हुआ जब चीन के कुत्ते को अपना बताकर पेश किया गया। आखिर कैसे चीन के कुत्ते को अपना बता दिया गया? इससे देश की छवि को नुकसान पहुंचा है।” उन्होंने यह भी कहा कि एक बड़े अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन में एक मॉडल को रबर बैंड लगाकर प्रस्तुत किया गया, जो देश की गरिमा के अनुरूप नहीं था। लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा विरोध प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।