शकूराबाद थाना क्षेत्र के नोआवा गांव में सड़क पर टेम्पू को साइड न देने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पक्ष ने दो राउंड फायरिंग की, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। विवाद की शुरूआत जानकारी के अनुसार, नोआवा गांव के पास सड़क पर एक कार खड़ी थी। इस दौरान संजीव कुमार टेम्पू लेकर वहां पहुंचे। सड़क संकरी होने के कारण टेम्पू को निकलने में परेशानी हुई, जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया। फायरिंग से मचा डर घटना के दौरान आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। आरोप है कि संजीव कुमार ने अपनी पिस्टल निकालकर दो राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज से लोगों में दहशत फैल गई। इसके बाद संजीव कुमार टेम्पू लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि दूसरी गाड़ी का चालक भी अपनी कार लेकर चला गया। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलने पर शकूराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि झगड़े की जानकारी उन्हें मिली थी, लेकिन फायरिंग की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।