शादी से इनकार पर युवती ने पुलिस में की शिकायत:पुलिस के हस्तक्षेप से मंदिर में हुई प्रेमी युगल का विवाह

मोहनिया थाना क्षेत्र में एक प्रेम प्रसंग का मामला पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शादी में बदल गया। युवक के शादी से इनकार करने पर युवती ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय मंदिर में दोनों की शादी कराई गई। यह घटना मोहनिया की है, जहां लगभग दो महीने पहले एक युवक और युवती के बीच जान-पहचान हुई थी। यह जान-पहचान धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। कुछ समय बाद युवती ने युवक पर शादी करने का दबाव बनाया। हालांकि, युवक ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिससे युवती परेशान हो गई। युवक के इनकार के बाद युवती न्याय की गुहार लेकर सीधे मोहनिया थाना पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों पक्षों, युवक और युवती के परिजनों को थाने बुलाया। काफी देर तक चली समझौता वार्ता के बाद आखिरकार युवक शादी के लिए राजी हो गया। इसके बाद पुलिस की उपस्थिति में स्थानीय मंदिर में दोनों की शादी संपन्न हुई। शादी के दौरान दोनों पक्षों के परिजन और कुछ स्थानीय लोग मौजूद थे। लड़की की पहचान मोहनिया थाना क्षेत्र की मनीषा कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, लड़के का नाम रोशन कुमार है। शादी के बाद पुलिस ने नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं और उन्हें आपसी समझ तथा जिम्मेदारी के साथ अपना जीवन व्यतीत करने की सलाह दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *