करनाल के नीलोखेड़ी की डेहा बस्ती में होली खेलते समय मजाक-मजाक में हुआ विवाद अचानक हिंसक झगड़े में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने चाकू और डंडों से हमला कर दिया, जिससे चार लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी चोटों की जांच की। घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। होली खेलते समय फटी टी-शर्ट से बढ़ा विवाद
डेहा बस्ती निवासी भीम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कार खरीद-फरोख्त का काम करता है और गाड़ियां किराए पर देता है। 04 मार्च को वह और बस्ती के लोग नरेश निवासी डेहा कॉलोनी नीलोखेड़ी की दुकान के सामने चौक में होली खेल रहे थे। इसी दौरान बस्ती का ही बल्लू पुत्र सिन्द्र उसके साथ होली खेलते हुए सोमी के घर की तरफ चला गया। वहां मजाक-मजाक में बल्लू ने भीम की टी-शर्ट फाड़ दी, जिसके जवाब में भीम ने भी बल्लू की टी-शर्ट फाड़ दी। गाली-गलौज के बाद चाकू और डंडों से हमला
शिकायत के अनुसार इसके बाद बीर और विशाल उर्फ लप्पा, श्रवण पुत्र बालकिशन, सतबीर पुत्र जगिन्द्र, गोलू पुत्र सिन्द्र, कर्ण पुत्र नजरा, बादल पुत्र साजन और साजन पुत्र विश्मबर ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इन लोगों ने भीम और उसके परिवार के सदस्यों पर डंडों और चाकुओं से हमला कर दिया। इसी दौरान सोमी और उसका बेटा चंचल भी हाथ में डंडा लेकर मौके पर पहुंच गए, जबकि विशाल उर्फ लप्पा और वीर पुत्र सोमी चाकू लेकर आए। बीच-बचाव करने आई महिला को भी लगी चोट
मारपीट के दौरान भीम के भाई पम्मी का बेटा सुमित और साहिल तथा उसकी बहन लक्ष्मी बीच-बचाव के लिए पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान श्रवण ने लक्ष्मी को चोटें मारी और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इस झगड़े में भीम, साहिल, सुमित और लक्ष्मी घायल हो गए। बाद में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया
मामले में पुलिस चौकी नीलोखेड़ी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर बीर, विशाल उर्फ लप्पा, श्रवण पुत्र बालकिशन, सतबीर पुत्र जगिन्द्र, गोलू पुत्र सिन्द्र, कर्ण पुत्र नजरा, बादल पुत्र साजन और साजन पुत्र विश्मबर निवासी नीलोखेड़ी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।