हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज (शुक्रवार को) मंडी जिले के लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में आधुनिक ‘रोबोटिक सर्जरी’ सुविधा का शुभारंभ करेंगे। इस नई तकनीक की शुरुआत से मंडी सहित आसपास के कई जिलों के मरीजों को बेहतर और उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। रोबोटिक सर्जरी तकनीक से जटिल ऑपरेशन अधिक सटीकता और कम जोखिम के साथ किए जा सकेंगे। इससे मरीजों को कम दर्द, कम समय में रिकवरी और बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध हो पाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सरकारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री आज सुबह हेलिकॉप्टर से सुंदरनगर पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचेंगे, जहां वे ‘रोबोटिक सर्जरी’ सुविधा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद, मुख्यमंत्री मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी मेंबर के साथ मीटिंग करेंगे। इसमें संस्थान की भविष्य की योजनाओं और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने पर चर्चा की जाएगी। नाचन में जनसभा को करेंगे संबोधित नेरचौक के कार्यक्रम के बाद, मुख्यमंत्री नाचन विधानसभा क्षेत्र के दियारगी पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद, मुख्यमंत्री पुनः सुंदरनगर पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से शिमला के लिए रवाना होंगे।