पानीपत में युवक का अपहरण कर बनाया बंधक:सड़क हादसे से विवाद शुरू, बीच सड़क टैक्सी पर पेट्रोल छिड़क लगाई आग

पानीपत शहर में मामूली सड़क हादसे के बाद दो युवकों ने न केवल एक व्यक्ति का अपहरण कर उसे बंधक बनाया, बल्कि समझौते के लिए आए परिजनों के सामने ही एक टैक्सी कार को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। सड़क हादसे से विवाद शुरू इंडो फार्म के संतोष ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च को वह अपने दोस्त राजवीर के साथ मोटरसाइकिल पर पनीर लेने सेक्टर-25 स्थित एक स्वीट्स रेस्टोरेंट गया था। वहां MJR चौक की तरफ से आ रही एक पल्सर बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। पल्सर सवारों की पहचान अवधेश और बाबूराम (गोंडा, यूपी निवासी) के रूप में हुई। हादसे में बाबूराम को हल्की चोटें आईं, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। अपहरण कर प्लॉट में बनाया बंधक संतोष का आरोप है कि टक्कर के बाद अवधेश और बाबूराम ने उसे जबरदस्ती अगवा कर लिया और सेक्टर-29 पार्ट-2 स्थित प्लॉट नंबर 561 में ले जाकर बंधक बना दिया। वहां उन्होंने संतोष को डराया-धमकाया और बाबूराम के इलाज के लिए अपने घर से पैसे मंगवाने का दबाव बनाया। संतोष ने डर के मारे अपने भाई और परिजनों को फोन कर मौके पर बुलाया। परिजनों के सामने टैक्सी में लगाई आग जब संतोष की बहन ललिता और अन्य रिश्तेदार सागर नामक ड्राइवर की टैक्सी में सवार होकर मौके पर पहुंचे, तो वहां विवाद और बढ़ गया। आरोप है कि स्थानीय निवासी विकास चाचरा ने अपने साथियों सन्नौज उर्फ मनीष और ओंकार के साथ मिलकर ड्राइवर सागर से मारपीट की। दबंगई की हद तब पार हो गई, जब विकास चाचरा के कहने पर आरोपियों ने मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकाला और सागर की टैक्सी पर छिड़ककर माचिस से आग लगा दी। जान से मारने की धमकी देखते ही देखते टैक्सी धू-धू कर जल गई। आरोपियों ने पीड़ित परिवार को पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। संतोष की शिकायत पर चांदनी बाग थाना पुलिस ने बाबूराम, अवधेश, सन्नौज, ओंकार और विकास चाचरा के खिलाफ अपहरण, अवैध रूप से बंधक बनाने, मारपीट और आगजनी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *