गैंगस्टर पपला गुर्जर का करीबी गैंगवॉर में ढेर:नारनौल में स्कॉर्पियो से लौटते वक्त हमला; डेढ़ माह पहले जमानत पर आया

महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में हरियाणा-राजस्थान सीमा पर बसे गांव मूसनौता की ‘सादा की ढाणी’ में एक युवक की लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक पपला गुर्जर गैंग का बदमाश था। हत्या का आरोप इसके साथी रह चुके बदमाश पर है। दोनों पर हरियाणा और राजस्थान में 10-10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस हत्याकांड के बाद इलाके में तनाव और डर का माहौल है, माना जा रहा है कि गैंगवार में और जान भी जा सकती हैं। भीम सिंह ने बताया कि वह गांव मुसनौता निवासी 33 वर्षीय पुष्कर बायल के साथ सरपंच दशरथ सिंह के यहां आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। स्कॉर्पियो गाड़ी में गांव वापस आ रहे थे तो अचानक गांव के ही संदीप सिंह उर्फ संध्या ने उन पर हमला कर दिया। पुष्कर को घेर कर लाठी डंडों से मौत होने तक बुरी तरह से पीटा गया। साथ आ रहे भीम ने ये बताया… भीम ने बताया कि मैं और पुष्कर अलग-अलग गाड़ियों में दशरथ सरपंच के यहां एक कार्यक्रम में गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब हम वापस घर लौट रहे थे, तो गांव के बस स्टैंड पर दो कैंपर गाड़ियां खड़ी थीं (एक सफेद और एक चॉकलेट रंग की)।” “हमारे गांव का एक बदमाश, संदीप उर्फ संध्या, वहां 10-15 आदमियों के साथ खड़ा था। जैसे ही हमारी गाड़ियां वहां पहुंचीं, उन्होंने हमला करना शुरू कर दिया। उन्होंने दोनों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचाया।” “मेरी गाड़ी को भी टक्कर मारी गई, जिससे वह सड़क से नीचे उतर गई और बंद हो गई। पुष्कर की गाड़ी भी रुक गई थी। उन लोगों ने पुष्कर को गाड़ी से नीचे उतारा और उसे मारना-पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच मेरी गाड़ी फिर से चालू हो गई और मैं अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला।” कैंपर गाड़ियों में आए थे हमलावर बताया गया है कि संदीप उर्फ संध्या और पुष्कर बायल (33) दोनों ही दोनों पपला गुर्जर गैंग से जुड़े रहे हैं। हमलावर कैंपर गाड़ियों में सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इस दौरान उनकी गाड़ी में तोड़ फोड़ भी की गई। चाचा बचाने के लिए पहु़ंचे तो उसकी गाड़ी पर भी पथराव किया गया। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… 1. सरपंच के कार्यक्रम से लौटते वक्त घेराबंदी: प्रत्यक्षदर्शी भीम सिंह ने बताया कि वह और पुष्कर बायल गांव के सरपंच दशरथ सिंह के यहां आयोजित एक कार्यक्रम से अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर लौट रहे थे। रास्ते में संदीप उर्फ संध्या ने अपने गुर्गों के साथ उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने पहले उनकी स्कॉर्पियो को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया। उसने किसी तरह जान बचाई, लेकिन बदमाशों ने पुष्कर को पकड़ लिया। 2. लोहे की रॉड और डंडों से पीटा: आरोपियों ने पुष्कर पर लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुष्कर के चाचा पूरणमल सूचना पाकर मौके पर पहुंचे, तो हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर भी पथराव किया और उसे नुकसान पहुंचाया। उन्होंने पुष्कर को तब तक पीटा जब तक उसने दम नहीं तोड़ दिया। 3. पपला गुर्जर गैंग के साथी थे दोनों: पता चला है कि मृतक पुष्कर और आरोपी संदीप कभी जिगरी यार थे। दोनों अपराध की दुनिया में पपला गुर्जर गैंग के सक्रिय साथी थे। दोनों ने कई वारदातों को एक साथ अंजाम दिया था। दोनों पर एक जैसे 10-10 मुकदमे दर्ज हैं। लेकिन किसी बात को लेकर उनके बीच दूरियां बढ़ गईं और वे एक-दूसरे के दुश्मन बन बैठे। 4. हाल ही में जेल से आए थे बाहर: आरोपी संदीप उर्फ संध्या करीब डेढ़ साल पहले जेल से जमानत पर बाहर आया था। वहीं, पुष्कर भी करीब डेढ़ माह पहले ही जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद से ही दोनों के बीच वर्चस्व की जंग चल रही थी, जिसका अंत इस खूनी वारदात के साथ हुआ। चाचा को बोले- ‘हम तुम्हें भी जिंदा मार देंगे’ पुष्पकर के चाचा पूर्णमल ने बताया कि मुझे भीम ने फोन करके बताया कि पुष्कर भाई के साथ संध्या राम ने गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी है और उसे बहुत मारा-पीटा है। उन्होंने कहा कि जल्दी से सड़क पर आओ, उसे अस्पताल ले जाना है। पूर्ण ने कहा कि “जैसे ही मैं अपनी गाड़ी लेकर सड़क पर पहुंचा, संध्या राम वहां भी आ गया। उसने दो कैंपरों (गाड़ियों) से सीधे मुझ पर हमला किया और मुझ पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। मैं किसी तरह भागकर एक तरफ हो गया और अपनी जान बचाई।” “उसके बाद उसने मेरी गाड़ी को एक गड्ढे में धकेल दिया। वह जाते-जाते चिल्लाकर धमकी दे रहा था कि ‘हम तुम्हें भी जिंदा मार देंगे’। उसने यही बात गांव में, घर के बाहर और सड़क पर भी चिल्ला-चिल्लाकर कही।” अस्पताल लाने से पहले ही मौत, ग्रामीणों में रोष पुष्कर को बुरी तरह से पीटकर हमलावर मौके से गाड़ियों में फरार हो गए। इसके बाद पुष्कर को नारनौल के नागरिक अस्पताल में लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच गैंगवार की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुष्कर की हत्या से गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। मृतक के परिजनों चाचा पूर्णमल व ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी संदीप उर्फ संध्या को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि परिवार को न्याय मिल सके। नारनौल पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। प्रशासन ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लोगों को आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *