हरियाणा में करनाल की घरौंडा तकिया मार्किट में सरदार जलेबी वाले की दुकान के सामने स्थित एक जिम के अंदर शुक्रवार की शाम एक युवती का शव संदिग्ध हालात में मिला। युवती सर्विस रोड के पास सिकलीगर एरिया की रहने वाली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। परिजनों ने एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है, जिसे लोगों ने मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। 24 वर्षीय पूनम के रूप में हुई पहचान
मृतका की पहचान 24 वर्षीय पूनम पुत्री सुखबीर सिंह के रूप में हुई है। वह घरौंडा के सिकलीगर एरिया की रहने वाली थी। युवती का शव मिलने की खबर फैलते ही परिवार के लोग और समाज के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर लोगों में काफी गुस्सा देखा गया। चाचा का आरोप-सागर जिम में काम करता है, वही लड़की को लेकर गया
मृतका के चाचा ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक का नाम सागर है, जो घरौंडा का दयोता है और अपने नाना के घर पर रहता है। उसका उनके इलाके में आना-जाना लगा रहता था। चाचा के मुताबिक सागर जोनी के जिम में काम करता है और शुक्रवार को करीब 12 बजे वह पूनम को जिम में लेकर गया। आरोप है कि वहां उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। शाम 4 बजे मिली मौत की सूचना
परिजनों के अनुसार उन्हें करीब 4 बजे लड़की की मौत की जानकारी मिली। चाचा का कहना है कि जोनी सरदार ने ही उन्हें फोन करके बताया कि उनकी लड़की को सागर ने मार दिया है। उसने यह भी बताया कि लड़के को पकड़कर कमरे में बंद कर रखा है। इसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पिता को शाम 6 बजे घर लौटने पर पता चला
मृतका के पिता ताला-चाबी का काम करते हैं और फेरी लगाकर गुजारा करते हैं। वह शाम करीब 6 बजे घर लौटे, तब उन्हें अपनी बेटी की मौत की जानकारी मिली। परिवार के अनुसार पूनम की मां नहीं है और घर में उसका एक भाई है। दो लड़कियों पर भी संदेह, रोज घर से बुलाकर ले जाती थीं
मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि जिम में 2 लड़कियां भी मौजूद थीं, जो रोज उनकी बेटी को घर से बुलाकर अपने साथ ले जाती थीं। उनका कहना है कि अब उन लड़कियों को छुपाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है और कह रहा है कि जो करना है कर लो। भाई बोला-दो लड़कियां बहन को घर से लेकर गई थीं
मृतका के भाई ने बताया कि शुक्रवार को करीब 12 बजे उसकी बहन घर से गई थी। 2 लड़कियां उसे अपने साथ लेकर गई थीं। उसने बहन से पूछा भी था कि कहां जा रही है, तब उसने कहा था कि वह पास में घूमने जा रही है। बाद में पता चला कि वह जिम के अंदर मृत हालत में पड़ी है। घटना की सूचना मिलने पर घरौंडा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। एफएसएल टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
घरौंडा थाना के एसआई राजकुमार ने बताया कि एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है और शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।