ऊना के भदसाली में खेत किनारे मिला शव:मृतक पंजाब रोपड़ जिले का, पास में मिली सिरींज, नशे से मौत होने की आशंका

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के भदसाली में पुल के पास खेत किनारे एक व्यक्ति का शव मिला है। हरोली पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक की पहचान पंजाब के रूपनगर जिले के आनंदपुर साहिब थाना क्षेत्र के हरियाल गांव निवासी विशाल कुमार उर्फ शैली पुत्र अमरजीत सिंह (23) के रूप में हुई है। पुलिस को शव के पास से एक बाइक, एक सिरिंज और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है। मृतक के शरीर पर मारपीट या चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, उसकी नाक से झाग निकल रहे थे। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि विशाल की मौत नशे के ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पंडोगा पुलिस चौकी को शुक्रवार को भदसाली में पुल के पास खेतों में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पंडोगा पुलिस चौकी के एएसआई चैन सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद हरोली के डीएसपी मोहन रावत और हरोली थाना प्रभारी सुनील कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर जांच के बाद मृतक की पहचान विशाल कुमार उर्फ शैली के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित किया। शव को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के शवगृह में रखवाया गया है। शनिवार को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। हरोली थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि भदसाली में मिले शव की शिनाख्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *