हिमाचल सीएम ने कैबिनेट मीटिंग बुलाई:सामाजिक सुरक्षा पेंशन के नियम बदल सकती है सरकार, विभिन्न विभागों में भर्तियों को मिलेगी मंजूरी

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कुछ देर बाद सचिवालय में कैबिनेट की महत्वपूर्ण मीटिंग शुरू होने वाली है। इसमें कई अहम प्रस्तावों और संशोधनों पर चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार, गृह विभाग में करुणामूलक आधार पर नौकरी देने के लिए आयु सीमा में छूट देने पर फैसला हो सकता है। वहीं, राजस्व विभाग ने लीज रुल-2013 में संशोधन का प्रस्ताव सरकार को भेज रखा है। इसे भी कैबिनेट में चर्चा को लाया जा सकता है। सामाजिक सुरक्षा पैंशन योजना के नियमों में भी कैबिनेट में चर्चा के बाद कुछ बदलाव की संभावना भी है। कैबिनेट में आगामी बजट सत्र में पेश किए जाने वाले संशोधन विधेयक और 2025-26 के अनुपूरक बजट को भी मंजूरी मिल सकती है। कैबिनेट में खेल छात्रावासों के विस्तार पर भी विचार होगा। हमीरपुर खेल छात्रावास की क्षमता 100 से बढ़ाकर 200 करने का प्रस्ताव पर चर्चा और फैसला संभावित है। कैबिनेट पहले ही 3 नए खेल छात्रावास खोलने और मौजूदा छात्रावासों की क्षमता बढ़ाने पर निर्णय ले चुका है। इनमें बिलासपुर, शिमला और सिरमौर जिले शामिल हैं। 22 एजेंडा आइटम तैयार सूत्रों के मुताबिक, बीती शाम तक करीब 22 एजेंडा आइटम बैठक के लिए तैयार किए जा चुके हैं। बैठक के दौरान सप्लीमेंटरी आइटम भी लाए जा सकते हैं। इसके अलावा, विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने और नए पद सृजित करने पर भी मंजूरी दी जा सकती है। मंत्रिमंडल की यह बैठक विधानसभा बजट सत्र से पहले कई अहम नीतिगत और प्रशासनिक निर्णयों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *