हरियाणा के नारनौल में आज शनिवार सुबह एक किसान की फसल में पानी देते समय करंट लगने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने नागरिक अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। अटेली थाना के गांव खैराना निवासी करीब 40 वर्षीय हरिसिंह आज सुबह अपने खेतों में गेहूं की फसल में पानी दे रहा था। इस दौरान लोहे की लाइन पलटते वक्त पाइप ऊपर से जा रहे बिजली के तारों को छू गया। जिससे हरिसिंह बेहोश होकर वहीं गिर गया। डॉक्टरों ने किया मृत घोषित आसपास के लोगों ने जब हरिसिंह को खेत में पड़े देखा तो उन्होंने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। परिजनों ने उसको इलाज के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। एक बेटी का पिता हरिसिंह के भाई भीम सिंह ने बताया कि हरिसिंह की शादी करीब 18 साल पहले हुई थी। वहीं शादी के बाद 17 साल तक उसको कोई संतान नहीं हुई। एक साल पहले ही उसके घर में खुशियां आई थी और उसको एक बेटी हुई थी। बेटी की उम्र अब करीब एक साल बताई जा रही है। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नागरिक अस्पताल पहुंचकर मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया।