फरीदाबाद में दामाद ने ससुर पर किया कुल्हाड़ी से वार:इलाज के दौरान मौत, पारिवारिक कहासुनी, बेटी ने फोन करके बुलाए अपने पिता

फरीदाबाद के छांयसा गांव में ससुर और दामाद के बीच हुए झगड़े में ससुर की मौत हो गई। झगड़े के दौरान दामाद ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने ससुर को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी दामाद के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय गुलाब सिंह के रूप में हुई है। मृतक के भाई गुरनाम सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह गुलाब सिंह अपनी बेटी को लेने के लिए छांयसा गांव आए थे। दरअसल, गुलाब सिंह की बेटी और उसके पति परमजीत के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी कारण बेटी ने अपने पिता को फोन करके घर बुला लिया था। बेटी को साथ लेकर जाने को लेकर हुआ विवाद गुरनाम सिंह के अनुसार, जब गुलाब सिंह अपनी बेटी को साथ लेकर वापस जाने लगे तो इस बात को लेकर दामाद परमजीत के साथ उनका विवाद हो गया। आरोप है कि उस समय परमजीत नशे की हालत में था। इसी दौरान गुस्से में उसने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाई और गुलाब सिंह के सिर पर दो बार वार कर दिया। इस हमले में गुलाब सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिवार के लोग और आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल गुलाब सिंह को तुरंत फरीदाबाद के बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन करीब 24 घंटे तक चले उपचार के बाद शनिवार को उनकी मौत हो गई। आरोपी दामाद नशे का आदी परिजनों का कहना है कि आरोपी परमजीत दिहाड़ी मजदूरी करता है और नशा करने का आदी है। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। परिवार ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दी है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। छांयसा थाना के एएसआई सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह झगड़े के दौरान परमजीत ने अपने ससुर गुलाब सिंह पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी दामाद परमजीत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात पुलिस द्वारा कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *