गुरुग्राम में देर रात बदमाशों ने एक लग्जरी कार शोरूम पर फायरिंग कर दी। शूटरों ने ताबड़तोड़ कई गोलियां चलाईं। बाहर खड़ी रियल एस्टेट कंपनी के मालिक की लग्जरी गाड़ी को भी निशाना बनाकर गोली चलाई। फायरिंग में गाड़ी में बैठा ड्राइवर छर्रे लगने से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल ड्राइवर को अस्पताल में भर्ती कराया। उधर, फायरिंग में शोरूम में खड़ी गाड़ियों को काफी नुकसान हुआ है। गोली लगते ही शोरूम के एंट्रेंस के शीशे भी चूर-चूर हो गए। शोरूम मालिक ने सेक्टर 37 थाने में मामले की शिकायत दी है। पुलिस जांच में हिमांशु गैंग का नाम भी सामने आया है। रियल एस्टेट कारोबीरी को बनाया निशाना शनिवार देर रात गुरुग्राम में हीरो होंडा चौक के पास बाइक पर सवार होकर 3 बदमाश पहुंचे। आरोपियों ने बिग बॉय टॉयज शोरूम के बाहर खड़ी रियल एस्टेट कंपनी BPT के मालिक की कार पर फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपियों ने गाड़ी में कई गोली मारी। जिसमें एक गोली ड्राइवर राजपाल को छूकर निकल गई। हालांकि इस समय कंपनी मालिक गाड़ी में मौजूद नहीं थे। कार शोरूम पर भी फायरिंग बदमाशों ने इसके बाद शोरूम पर भी कई गोलियां दागीं। फायरिंग में शोरूम के शीशे टूट गए। दूसरी मंजिल पर खड़ी कई गाड़ियों को भी नुकसान हुआ। कई लग्जरी गाड़ियों के शीशे टूट गए। छत पर बनी सीलिंग में भी गोलियों के निशान मिले हैं। हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े तार
पुलिस जांच में सामने आया है कि बीपीटीपी कंपनी के मालिक को अक्टूबर 2024 में भाऊ गैंग की ओर से धमकी मिली थी। उस समय गैंग की तरफ से कई करोड़ रुपए की रुपए की फिरौती मांगी गई थी। जिसके बाद सेक्टर-37 थाने में एफआईआर दर्ज हुई। हालांकि अभी गैंग की तरफ से फायरिंग की कोई जिम्मेदारी नहीं ली गई है। तीन आरोपियों की पहचान हुई पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान झज्जर जिले के कुलासी गांव निवासी अतुल, दीपक और नीरज के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि गोली भाऊ गैंग की ओर से चलवाई गई है। अक्टूबर 2024 में दर्ज हुए मामले को लेकर भी जांच की जा रही है।