मोगा में 10वीं के छात्र को रास्ते में घेरकर पीटा:परीक्षा देकर लौट रहा था; स्कूल के स्टूडेंट्स के साथ हुआ विवाद

पंजाब के मोगा शहर में दसवीं कक्षा के एक छात्र के साथ पुरानी रंजिश के चलते मारपीट का मामला सामने आया है। घायल छात्र को मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित छात्र की पहचान सरदार नगर निवासी नैतिक शर्मा के रूप में हुई है। नैतिक एक निजी स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र है। उसने पुलिस को बताया कि स्कूल के कुछ छात्र उससे पुरानी रंजिश रखते थे। शनिवार को परीक्षा देने के बाद जब वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और बिना किसी बात के उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती हमलावरों ने नैतिक के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। नैतिक के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल छात्र को तुरंत सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। डॉक्टरों के अनुसार, छात्र को चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी सिविल अस्पताल के इमरजेंसी स्टाफ ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना सिटी साउथ के एएसआई हरजिंदर सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल छात्र नैतिक शर्मा के बयान दर्ज किए। एएसआई हरजिंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *