रेवाड़ी जिले के रोहड़ाई थाना क्षेत्र स्थित टहना अड्डे पर शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक सरकारी शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शादीपुर निवासी 47 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मुकेश एक समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे। टहना अड्डे के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों ने तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज अध्यापक रामानंद ने बताया कि देर रात उपचार के दौरान मुकेश की मृत्यु हो गई। मुकेश पिछले करीब दो साल से आशियाकी गौरावास स्कूल में टीजीटी अंग्रेजी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। रोहड़ाई थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्राला चालक की तलाश कर रही है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। परिजन पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।