पानीपत की नहर में डूबे दो किशोरों के मिले शव:खुबड़ू झाल से डेडबॉडी बरामद; होली के दिन पैर फिसलने से गिरे थे

पानीपत शहर में होली का उल्लास उस समय गम में बदल गया, जब नहर में नहाने और किनारे बैठने के दौरान दो किशोर पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। रविवार सुबह इन दोनों के शव सोनीपत की खुबड़ू झाल से बरामद हुए, जिसके बाद उन्हें पानीपत के सिविल अस्पताल लाया गया। यहां परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए पोस्टमॉर्टम करवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए हैं। नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव में बहा कर्ण न्यू शांति नगर के सागर ने पुलिस को बताया कि उसका बुआ का लड़का, 18 वर्षीय कर्ण, जो मूलरूप से बहराइच (UP) का रहने वाला था, पिछले तीन महीनों से उनके पास ही रह रहा था। बुधवार को होली खेलने के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे कर्ण अपने चचेरे भाई धनीराम के साथ नहर पर नहाने के लिए गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किनारे पर नहाते समय अचानक कर्ण का पैर फिसल गया और पानी का बहाव इतना तेज था कि वह खुद को संभाल नहीं पाया। धनीराम के शोर मचाने पर जब तक लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, कर्ण लहरों में ओझल हो चुका था। किनारे पर बैठा अंकुश भी हादसे का शिकार नहर में डूबने का दूसरा मामला शांति नगर के ही रहने वाले 14 वर्षीय अंकुश का है। मूलरूप से पटना (बिहार) का रहने वाला अंकुश होली के बाद नहर किनारे बैठने के लिए गया था। उसके ताऊ चंद्रप्रकाश ने बताया कि वहां अचानक पैर फिसलने के कारण वह गहरे पानी में गिर गया और देखते ही देखते बह गया। रविवार सुबह जब खुबड़ू झाल पर एक किशोर की डेडबॉडी मिली, तो उसकी पहचान अंकुश के रूप में हुई। दोहरे हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। प्रशासन ने त्यौहारों और गर्मी के मौसम में लोगों से नहरों के पास न जाने और सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *