सीतामढ़ी जिले के डुमरा थाना क्षेत्र के सिरा गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवक अपनी प्रेमिका के साथ मंदिर में शादी करने की तैयारी में था, तभी उसे मंदिर से जबरन उठा लिया गया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर लिया है। सिरा गांव निवासी राजू कुमार साह का गांव के सरपंच राजीव राय की भतीजी से पिछले लगभग एक वर्ष से प्रेम संबंध था। परिवार के विरोध के कारण दोनों ने पुनौराधाम मंदिर में विवाह करने की योजना बनाई थी। युवक राजू को मंदिर से जबरन उठाया
जानकारी के अनुसार, जब सरपंच राजीव राय को इस योजना का पता चला, तो वह अपने कुछ साथियों के साथ मंदिर पहुंच गए। आरोप है कि सरपंच और उसके सहयोगियों ने युवक राजू को मंदिर से जबरन उठाया और अपने साथ ले गए। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही डुमरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सरपंच राजीव राय को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। सदर डीएसपी राजीव कुमार सिंह ने डुमरा थाना में प्रेस वार्ता कर घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है और इसी विवाद के चलते युवक की हत्या की गई है।