गुरुग्राम में स्क्रैप यार्ड में भीषण आग:ज्वलनशील सामग्री से तेजी से फैली; मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 6 टीमें

गुरुग्राम शहर में सोमवार सुबह खुले स्क्रैप यार्ड में भीषण आग लग गई। मानेसर फायर स्टेशन को कंकरोला गांव में आग की सूचना मिली। जिसके बाद आईएमटी मानेसर की टीम मौके पर पहुंची। भीषण आग को देखते हुए सेक्टर 37 और सेक्टर 29 से एक-एक, साथ ही होंडा मानेसर और मारुति मानेसर से भी फायर ब्रिगेड की एक-एक गाड़ी घटनास्थल पर बुलाई गई हैं। फिलहाल फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियों द्वारा आग बुझाने का काम किया जा रहा है। फायर स्टेशन ऑफिसर (एफएसओ) ललित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची। इस स्क्रैप यार्ड में प्लास्टिक, रबर, पुरानी मशीनें और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने से आग तेजी से फैल रही है। आसपास के इलाकों में धुआं फैल गया है, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई है। अधिकारी मौके पर पहुंचे उन्होंने बताया कि स्क्रैप यार्ड में जमा कचरे और सामग्री के कारण आग बुझाने में समय लग सकता है। इलाके में अतिरिक्त फायर यूनिट्स को अलर्ट पर रखा गया है ताकि स्थिति बिगड़ने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। पुलिस और प्रशासन भी मौके पर पहुंच चुके हैं और जांच शुरू कर दी है। आग बुझने के बाद सर्चिंग होगी प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अभी तक किसी हताहत की सूचना नहीं मिली है, लेकिन आग का दायरा काफी बड़ा बताया जा रहा है। आग बुझने के बाद सर्चिंग अभियान चलाया जाएगा। हालांकि अंदर किसी के मौजूद होने की जानकारी नहीं है। आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने आग को काबू में करने के लिए पानी की बौछारें और फोम का इस्तेमाल शुरू किया है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि सुबह करीब सात बजे अचानक धुएं और आग की लपटें देखकर लोग घबरा गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *