गोविंदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस ने हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया। सरकंडा पंचायत के सूअर लेट डैम के पास एक पहाड़ी गुफा से ये हथियार मिले, जहां से दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान झारखंड के कोडरमा जिले के सतगामा थाना क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय पवन कुमार और बिहार के जमुई जिले के 25 वर्षीय पंकज यादव के तौर पर हुई है। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर सूअर लेट डैम के पास पहाड़ी गुफा में छापेमारी की गई थी। इस दौरान गुफा से एक देसी कट्टा, एक देसी पिस्तौल, एक 315 बोर की राइफल और एक दोनाली बंदूक बरामद की गई। इसके अलावा, विभिन्न प्रकार के कुल 29 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। प्रभारी थाना प्रभारी धन्नू कुमार सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे इन हथियारों और जिंदा कारतूसों को जंगल स्थित पहाड़ी गुफा में छिपाकर रखते थे। उनका मकसद अवैध शराब भट्टी संचालकों से हथियारों के बल पर उगाही करना था। हथियारों का जखीरा बरामद होने और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।