होली की छुटि्टयों और मौसम में बदलाव के बाद सोमवार को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) के ओपीडी में मरीजों की रिकॉर्ड भीड़ दिखी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार 1 दिन में करीब 3000 मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। इससे पहले 2500 का रिकॉर्ड था। मरीजों की अधिक संख्या के कारण रजिस्ट्रेशन काउंटर से लेकर एक्स-रे, ब्लड जांच और अल्ट्रासाउंड तक के लिए लंबी कतारें लग गईं। इससे अस्पताल में व्यवस्था बनाए रखने में भी चुनौती आई। सबसे ज्यादा भीड़ स्किन विभाग में रही। यहां 589 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। मेडिसिन विभाग में 478 मरीजों ने डॉक्टरों से परामर्श लिया। इसके अलावा ऑर्थोपेडिक्स, टीबी एंड चेस्ट जैसे अन्य विभागों में भी मरीजों की संख्या 300 से अधिक रही।
सीजनल बीमारी के भी बढ़ रहे मरीज इसके साथ ही, मौसम में बदलाव के चलते सर्दी, खांसी, बुखार, एलर्जी और त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। इन्हीं कारणों से सुबह से ही अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों की भारी भीड़ लगी रही। ओपीडी खुलने के साथ ही रजिस्ट्रेशन काउंटरों पर लंबी कतारें लग गईं। कई मरीजों को पर्ची बनवाने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। जांच कराने के लिए भी एक्स-रे, ब्लड टेस्ट और अल्ट्रासाउंड जैसे विभिन्न काउंटरों पर मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी, जहां उन्हें अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने में अस्पताल कर्मियों और सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
डॉक्टरर्स को भी ज्यादा देना पड़ा समय अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इससे पहले पीएमसीएच ओपीडी में अधिकतम करीब 2500 मरीजों के आने का रिकॉर्ड था, लेकिन सोमवार को यह आंकड़ा पार करते हुए करीब तीन हजार मरीज पहुंच गए। इतने अधिक मरीजों के आने के कारण डॉक्टरों को भी सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा समय तक ओपीडी में रहकर मरीजों को देखना पड़ा।
स्वास्थ्य प्रबंधकों के बीच ड्यूटी और जिम्मेदारियां बांट दी गई पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुबह से ही अस्पताल प्रशासन पूरी तरह सक्रिय रहा। उन्होंने बताया कि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए स्वास्थ्य प्रबंधकों के बीच ड्यूटी और जिम्मेदारियां बांट दी गई थीं, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सोमवार को अत्यधिक भीड़ को देखते हुए अधीक्षक खुद भी अपने चेंबर से निकलकर ओपीडी पहुंचे और वहां की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मरीजों की संख्या अधिक रहने की संभावना है, इसलिए व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।