फरीदाबाद के बाटा रेलवे फ्लाईओवर के नीचे लगने वाली अवैध मंडी में मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वहां बने करीब 15 से 25 खोखे, छोटी दुकानें और तख्त जलकर पूरी तरह राख हो गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दुकानदारों ने बताया कि रात करीब 11 बजे तक सभी अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। रेलवे स्टेशन पर आने वाले लोगों ने सबसे पहले आग की सूचना आसपास के लोगों को दी। इसके बाद करीब 4:30 बजे दुकानदारों को पता चला कि फ्लाईओवर के नीचे बनी दुकानों में आग लगी हुई है। एक के बाद एक खोखे जलते गए जब वे मौके पर पहुंचे तो आग की तेज लपटें उठ रही थीं और एक के बाद एक खोखे जलते जा रहे थे। दुकानदारों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लकड़ी के खोखों और तख्तों से बनी दुकानों में आग तेजी से फैलती चली गई। दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान फरीदाबाद की सीमा ने बताया कि उनकी चप्पल और मेकअप के सामान की दुकान थी, जो पूरी तरह जल गई। मीना की सिंगार की दुकान, रेखा की कपड़ों की दुकान और शकील की जूते-चप्पलों की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। इसके अलावा कई अन्य दुकानदार यहां चप्पल, जूते, बर्तन, कपड़े और सब्जियां बेचने के लिए छोटे-छोटे तख्त लगाकर रोजी-रोटी चला रहे थे। आग लगने से सभी दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया और दुकानदारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। दुकानदारों ने जताई साजिश की आशंका दुकानदारों का कहना है कि आग अपने आप नहीं लगी, बल्कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई हो सकती है। उनका कहना है कि नगर निगम की ओर से इस जगह को अवैध बताते हुए पहले भी कई बार दुकानों को हटाने की चेतावनी दी गई थी। कुछ दुकानदारों ने बताया कि इससे पहले भी यहां इसी तरह आग लगने की एक घटना हो चुकी है। फायर ब्रिगेड ने डेढ़ घंटे में पाया काबू दमकल विभाग के फायर ऑफिसर जितेंद्र ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर भेजी गईं, जिनमें दो गाड़ियां एनआईटी फायर स्टेशन से और एक सेक्टर-15 फायर स्टेशन से पहुंची थीं। फायर कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 6:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग में करीब 15 से 25 छोटी दुकानें जलकर नष्ट हो गई हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।