लुधियाना में 11 लाख की मांग को लेकर विवाद:धमकियों से परेशान बुजुर्ग ने लिखा सुसाइड नोट, समझौते के लिए गए परिवार पर हमला

लुधियाना में पैसों की मांग और धमकियों से परेशान एक बुजुर्ग द्वारा सुसाइड नोट लिखने का मामला सामने आया है। वहीं जब परिवार और मोहल्ले के लोग आरोपियों से बात करने पहुंचे तो वहां मारपीट और हंगामा हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। क्या है पूरा मामला
शिकायतकर्ता अमन कुमार निवासी गली नंबर-1, मंजीत विहार, अमन नगर, थाना सलेम टाबरी ने बताया कि उन्होंने गुरु हरराय नगर में एक फैक्ट्री बनाई है, जिसे हाल ही में अपने घर के अंदर शिफ्ट किया है। उनके मोहल्ले में रहने वाला जगजीत सिंह उर्फ बब्बू लोगों के खिलाफ झूठी शिकायतें देकर उन्हें परेशान करता रहता है। अमन के मुताबिक आरोपी जगजीत सिंह उर्फ बब्बू ने उनसे 11 लाख रुपए की मांग की थी। जब उन्होंने पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने धमकी दी कि अगर रकम नहीं दी तो वह उनकी फैक्ट्री बंद करवा देगा और उनके खिलाफ शिकायतें कराएगा। धमकियों से परेशान होकर पिता ने लिखा सुसाइड नोट
अमन ने बताया कि आरोपी की लगातार धमकियों से उनके पिता सोहन सिंह काफी परेशान रहने लगे। 6 मार्च 2026 को उन्होंने एक सुसाइड नोट लिखकर खुद को कमरे में बंद कर लिया और आत्महत्या करने की कोशिश की। परिवार को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत दरवाजा खोलकर उन्हें बचा लिया। समझौते के लिए गए तो हो गई मारपीट
इसके बाद परिवार के लोग मोहल्ले के काउंसलर और कुछ अन्य गणमान्य लोगों को साथ लेकर जगजीत सिंह उर्फ बब्बू के घर बात करने पहुंचे। आरोप है कि वहां जगजीत सिंह और उसके भाई राजविंदर सिंह ने परिवार के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने अमन की मां जसवीर कौर के साथ मारपीट की, उन्हें मुक्के मारे और धक्का देकर गिरा दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई। आरोप है कि आरोपियों ने एक व्यक्ति पर तेजधार वस्तु से हमला करने की कोशिश की और कुछ लोगों की पगड़ी तक उतार दी, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले की शिकायत थाना सलेम टाबरी पुलिस को दी गई है। पुलिस ने आरोपी जगजीत सिंह उर्फ बब्बू, राजविंदर सिंह निवासी अमन नगर, सलेम टाबरी, लुधियाना के खिलाफ मारपीट, धमकी देने, जबरन वसूली की कोशिश और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *