कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंगलवार को सोनीपत जिले के गोहाना स्थित मदीना गांव पहुंचे, जहां उन्होंने किसान संजय की बेटी तनु की शादी के समारोह में शिरकत की। राहुल गांधी ने पूरी मुलाकात का 1 मिनट 38 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें 3 साल पहले किसान के खेत में धान रोपाई से लेकर आज तक के आत्मीय संबंधों की झलक दिखाई गई है। अंबानी की शादी बनाम किसान की शादी वीडियो में शादी के दौरान घर पर मौजूद सोनीपत की एक कांग्रेस नेत्री राहुल गांधी से बातचीत करती नजर आ रही हैं। वह कहती हैं कि किसान की बेटी की शादी में भी आप आए, जबकि उद्योगपतियों की शादी में तो बड़े-बड़े लोग जाते हैं। इसके बाद तनु प्रधानमंत्री मोदी का जिक्र करते हुए कहती हैं कि जैसे मोदी हैं, अंबानी के लड़के की शादी में गए थे, लेकिन ऐसे कभी गरीबों की शादी में जाते हुए नहीं देखे हैं। इस पर राहुल गांधी जवाब देते हैं, “वहां मजा थोड़े आएगा। फिर संजय के घर की तरफ इशारा करते हुए कहते हैं, “मजा तो यहां आएगा। 12 गांवों के प्रधान द्वारा पगड़ी सम्मान मुलाकात के दौरान राहुल गांधी प्लेट से एक जलेबी उठाकर संजय की बेटी तनु को देते हैं, तनु उसे तोड़कर राहुल गांधी को खिलाती है और किसान संजय भी साथ में जलेबी खाते नजर आते हैं। इसी बीच 12 गांवों के प्रधान राहुल गांधी का स्वागत करते हुए कहते हैं कि बड़ी खुशी हुई आप यहां पहुंचे और हम आपका स्वागत दिल से करते हैं। इसके बाद प्रधान राहुल गांधी के सिर पर पगड़ी बांधकर उनका सम्मान करते हैं।
पुरानी यादें: धान की रोपाई से दिल्ली के डिनर तक जारी किए गए वीडियो में राहुल गांधी के किसान परिवार के साथ पुराने जुड़ाव को भी जोड़ा गया है। इसमें खेत में धान लगाने और सोनिया गांधी- प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली में हुए डिनर के पुराने विजुअल्स शामिल हैं। साथ ही 25 फरवरी की वह क्लिप भी दिखाई गई है, जब संजय, उनके भाई और गांव के प्रधान राहुल गांधी को दिल्ली आवास पर निमंत्रण देने पहुंचे थे, तब परिवार ने कहा था, “आना पड़ेगा जी जरूर से”, जिस पर राहुल गांधी ने “ट्राई करेंगे” कहते हुए उन्हें बधाई दी थी। दूल्हे और क्रिकेट पर चर्चा, बैटिंग करता है या बॉलिंग मदीना गांव में जमीन पर बैठकर राहुल गांधी तनु से उसके होने वाले पति के बारे में जानकारी लेते हैं। राहुल पूछते हैं, “लड़का क्या करता है?” तनु बताती है कि वह पढ़ाई करता है। संजय बीच में कहते हैं कि लड़के ने पढ़ाई कंप्लीट की है अभी। राहुल पूछते हैं, “कौन सी पढ़ाई की है?” तनु जवाब देती है, “बीए की है और एमए कर रहा है, क्रिकेट खेलता है। इस पर राहुल गांधी ने पूछा, “क्रिकेट खेलता है, बैटिंग करता है या बॉलिंग करता है?” तनु बताती है कि वह दोनों (बॉलिंग और बैटिंग) करता है।
सोनिया और प्रियंका गांधी का जाना हालचाल बातचीत के दौरान परिवार की एक महिला राहुल गांधी से सोनिया गांधी के बारे में पूछती है, “आपकी मम्मी ठीक हैं?” राहुल जवाब देते हैं, “हां मम्मी ठीक हैं।” तनु की बहन ने जब पूछा कि आप उनको साथ क्यों नहीं लाए, तो राहुल बोले, “2 घंटा गाड़ी में लगता है, तो मां को थोड़ा मुश्किल हो जाता है। फिर प्रियंका गांधी के न आने पर उन्होंने बताया कि उनकी दो-तीन मीटिंग्स हैं, लेकिन मां और प्रियंका दोनों ने बधाई भेजी है। प्रियंका गांधी से फोन पर कराई बात राहुल गांधी वहीं से प्रियंका गांधी को फोन मिलाते हैं और तनु की बात करवाते हैं। राहुल कहते हैं कि वह मीटिंग में हैं, लेकिन फिर भी बात करो। तनु फोन पर कहती है, “नमस्ते मैम कैसे हो? सब बढ़िया है और आप बताइए?” इसके बाद हाथ में दूध का गिलास लिए राहुल गांधी दोबारा तनु को बधाई देते हैं। वीडियो के अंत में राहुल गांधी पूरे परिवार के साथ फोटो खिंचवाते हैं और तनु उनके द्वारा दिया गया शगुन का लिफाफा लिए हुए नजर आती है।