करनाल में हेलीकॉप्टर में बारात लेकर पहुंचा दूल्हा:पुलिस की मौजूदगी में लैंड हुआ, 6 लाख में कराई बुकिंग, पिता का सपना किया पूरा

करनाल के इंद्री रोड स्थित एक निजी मैरिज गार्डन में उस समय अनोखा नजारा देखने को मिला, जब अंबाला से एक दूल्हा अपनी बारात हेलीकॉप्टर से लेकर पहुंचा। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग होते ही शादी समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ गया और माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया। इस खास पल को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया था। अंबाला के गांव पंजोखड़ा निवासी गुरसेवक पेशे से एडवोकेट है। उसके पिता सर्वजीत सिंह शंकर प्रॉपर्टी डीलर हैं। गुरसेवक का विवाह करनाल की इंदिरा कालोनी निवासी चार्टेड अकाउंटेंट मिनाक्षी के साथ तय हुआ था। 6 लाख रुपए खर्च किए यह अरेंज मैरिज है। दूल्हा गुरसेवक हेलीकॉप्टर से करनाल पहुंचा। बताया गया कि हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने में करीब 6 लाख रुपए खर्च किए गए।दूल्हे गुरसेवक ने बताया कि उसके पिता सर्वजीत सिंह शंकर का सपना था कि उनका बेटा हेलीकॉप्टर से अपनी बारात लेकर जाए। परिवार ने मिलकर यह सपना पूरा किया। उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में उनके साथ बहन, जीजा और भांजी भी आई हैं। वापसी में उनके पिता भी हेलीकॉप्टर से जाएंगे। वहीं बाकी बारात गाड़ियों से करनाल पहुंच रही है। सालियों ने किया स्वागत, मुंह मीठा कराकर निभाई रस्म हेलीकॉप्टर से उतरते ही दूल्हे गुरसेवक का जोरदार स्वागत किया गया। दुल्हन की बहनों यानी सालियों ने आगे बढ़कर दूल्हे का मुंह मीठा कराया और पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। साली रेणु और सोनिया ने बताया कि उनके जीजा हेलीकॉप्टर से आए हैं, जिससे शादी में अलग ही माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि उनकी बहन मिनाक्षी अब हेलीकॉप्टर से ही अपनी ससुराल जाएगी, जिससे परिवार में भी काफी खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *