अब ट्राई साइकिल से स्कूल जाएगी दिव्यांग सोनी:DM ने दी साइकिल, मैथिली के साथ सोनू सूद, कुमार विश्वास ने मदद के लिए बढ़ाए हाथ

गोपालगंज की 15 साल की पैर से दिव्यांग छात्रा सोनी कुमारी की हिम्मत ने सभी का दिल जीत लिया है। वह रोजाना करीब 2 किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाती है। लड़खड़ाते कदमों के बावजूद पढ़ाई के प्रति उसका जज्बा कम नहीं हुआ। सोनी का स्कूल जाते हुए वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो कई लोगों का ध्यान उसकी तरफ गया। इसके बाद भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर, अभिनेता सोनू सूद समेत कई बड़ी हस्तियों ने छात्रा की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। मैथिली ठाकुर की पहल के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर ADM अजय कुमार और जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार सोनी के गांव पहुंचे और सोनी को ट्राइसाइकिल दिया। वहीं, करण सूद ने सोनी के घर का एड्रेस और नंबर मांगा है। सोनी का वीडियो देख भावुक हुए लोग गोपालगंज के भोरे प्रखंड के रामनगर गांव की रहने वाली छात्रा सोनी ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा की छात्रा है। उसके पिता नंदकिशोर राम का निधन 16 साल पहले टीबी की बीमारी से हो गया था, तब वह सिर्फ एक साल की थी। इसके बाद घर चलाने की पूरी जिम्मेदारी उसकी मां के कंधों पर आ गई। मां लाइची देवी मजदूरी कर परिवार का गुजारा करती हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद सोनी ने पढ़ाई नहीं छोड़ी। सोनी पैर से लाचार होने के बावजूद स्कूल जाने के लिए रोज संघर्ष करती है। उसकी इसी लगन ने लोगों को भावुक कर दिया। अब सोशल मीडिया पर लोग उसकी पढ़ाई और इलाज के लिए मदद करने की अपील भी कर रहे हैं। मैथिली ठाकुर, सोनू सूद ने X पर किया पोस्ट हालांकि, यह मामला तब सामने आया जब विधायक और सिंगर मैथिली ठाकुर ने 11 मार्च को इस छात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने अपने X पोस्ट में उन्होंने लिखा, “इनका नंबर, पता और नाम मुझे कृपया जल्द से जल्द उपलब्ध कराएं।” इसके बाद मैथिली ठाकुर ने एक और वीडियो जारी कर जानकारी दी कि सोनी कुमारी को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा से उनकी फोन पर बात हुई, जिन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए यह सुनिश्चित किया कि बच्ची को अगले ही दिन ट्राइसाइकिल मिल जाए। वहीं अभिनेता सोनू सूद ने भी X पर पोस्ट कर बच्ची की जानकारी मांगी थी ताकि उसकी मदद की जा सके। उन्होंने X पर लिखा, “पता भेज दीजिए, व्हीलचेयर घर पहुंच जाएगा।” कवि कुमार विश्वास और बिहार के हेलमेट मैन ने भी मदद की बढ़ाए हाथ भाजपा विधायक और गायिका मैथिली ठाकुर ने जब सोनी कुमारी की मदद के लिए हाथ बढ़ाया, तो इसके बाद कई अन्य हस्तियां भी आगे आईं। कवि कुमार विश्वास ने भी बच्ची की मदद करने की इच्छा जताई। इसी बीच समाजसेवी और बिहार के हेलमेट मैन के नाम से मशहूर शाहिद भी सोनी के घर पहुंचे। उन्होंने बच्ची का हौसला बढ़ाते हुए उसे स्कूल बैग, किताबें और कुछ आर्थिक सहायता दी। सोनी की लगन और संघर्ष की कहानी सामने आने के बाद लगातार लोग उसकी मदद के लिए आगे आ रहे हैं। इससे न सिर्फ सोनी बल्कि उसके परिवार को भी नई उम्मीद मिली है। डॉक्टर बनना चाहती है सोनी दो बहनों में छोटी सोनी कुमारी को बचपन से ही पढ़ाई का बेहद शौक रहा है, लेकिन आर्थिक तंगी और शारीरिक दिव्यांगता उसके रास्ते में बड़ी बाधा बन रही थी। इसके बावजूद उसने पढ़ाई का सपना नहीं छोड़ा। करीब दो साल पहले सोनी की मां गुलाइची देवी राजघाट गांव में खेत में काम करने गई थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल अरुण कुमार से हुई। जब उन्होंने सोनी की पढ़ाई के प्रति लगन के बारे में सुना, तो प्रभावित होकर उसे अपने स्कूल में नि:शुल्क दाखिला दे दिया। तब से सोनी रोजाना अपने घर से करीब दो किलोमीटर दूर राजघाट गांव स्थित स्कूल तक पैदल जाती है। उसकी मां गुलाइची देवी दूसरों के खेतों में मजदूरी करके परिवार का गुजारा करती हैं। स्कूल में फीस नहीं लगती, इसलिए परिवार किसी तरह उसकी पढ़ाई जारी रख पा रहा है। सोनी का सपना डॉक्टर बनने का है। वह चाहती है कि पढ़-लिखकर लोगों की सेवा करे और अपने परिवार का सहारा बने। उसकी लगन और हौसले की कहानी अब कई लोगों के लिए प्रेरणा बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *