बिहार में गैस सिलेंडर की किल्लत से आम लोग परेशान हैं। कई जगहों पर एजेंसियों के बाहर सुबह-सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि कालाबाजारी की भी शिकायतें सामने आ रही हैं। इस बीच कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर बिहार में रसोई गैस संकट और कालाबाजारी का मुद्दा उठाया है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने मुख्यमंत्री के समृद्धि यात्रा पर तंज भी कसा है। ‘समृद्धि यात्रा’ पर भी कसा तंज बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने लिखा कि, ‘प्रिय मुख्यमंत्री जी, नमस्कार। आशा है आप सानंद होंगे। आप स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों, ऐसी कामना है। आपके शासनकाल में बिहार देश का सर्वाधिक कर्ज लेने वाला राज्य बना। बावजूद इसके आप जिस यात्रा पर हैं, उसका नाम ‘समृद्धि यात्रा’ रखा गया है। ये कमाल की बात है। आपको इस यात्रा की बधाई, लेकिन आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुके बिहार को कैसे बधाई दी जाए!’ मुख्यमंत्री को जबरिया रिटायरमेंट देने की चर्चा- आसित नाथ कांग्रेस प्रवक्ता ने पत्र में यह भी लिखा कि, आम चर्चा है कि मुख्यमंत्री अपनी इच्छा से पद नहीं छोड़ रहे हैं, बल्कि उन्हें एक तरह से जबरिया रिटायरमेंट दी ने की तैयारी हो रही है। इन चर्चाओं से दुख होता है, लेकिन असली चिंता राज्य में बढ़ती समस्याओं की है। मैं आपको ये पत्र एक खास मकसद से लिख रहा हूं। आपका गठबंधन लगातार दावे कर रहा है कि देश में न तो रसोई गैस की किल्लत है और ना ही पेट्रोल-डीज़ल की, लेकिन धरातल पर जमाखोरों और मुनाफाखोरों ने इन दावों की हवा निकाल दी है। अलग-अलग जगहों और अलग-अलग माध्यमों से ऐसी सूचनाएं आ रहीं हैं कि राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी गैस एजेंसी वाले ही करने लगे हैं। पीएम देश की जनता को कतार में ला खड़ा करते हैं- आसित नाथ आसित नाथ ने आगे कहा कि,’चर्चा है कि गैस एजेंसी वाले ही एक हजार में मिलने वाला एक सिलेंडर अब 1700 रुपए से 2000 रुपए में देने लगे हैं। संबंधित विभाग के अधिकारी कुछ नहीं कर रहे हैं। इससे सबकी मिलीभगत से मची लूट की आशंका को बल मिलता है। पहले से ही लोग कई तरह की लूट और भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं। आम आदमी अब किसी और लूट की त्रासदी नहीं झेल पाएगा।’ चूल्हा-चौका संकट में आ गया है- आसित नाथ आसित नाथ ने आगे लिखा कि, ‘आपके प्रिय अधिकारियों का पहले भी जनता की समस्याओं से कोई मतलब नहीं रहा, अब भी नहीं है। लेकिन ये समस्या बिहार के लोगों के पेट से जुड़ी समस्या है। चूल्हा-चौका संकट में आ गया है मुख्यमंत्री जी। गरीबों और मध्यमवर्गीय लोगों के लिए पहले से ही रसोई गैस काफी महंगा है। कालाबाजारियों की ये लूट उनको बर्बाद कर देगी। इससे पहले कि बिहार की एक बड़ी आबादी रोटी के लिए तरस जाए, उम्मीद है आप संज्ञान लेंगे। सूचनाओं की सत्यता की जांच करवा कर उचित कार्रवाई करेंगे। एक बार फिर आपके स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।’