जालंधर में बस स्टैंड के पास मिला युवक का शव:सिरिंज और बोलत बरामद, ड्रग ओवरडोज की आशंका, एक हफ्ते में तीसरी घटना

जालंधर देहात के मेहतपुर इलाके में 23 वर्षीय युवक अनमोल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खुरमपुर गांव निवासी अनमोल का शव मेहतपुर बस स्टैंड के पास मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत ड्रग ओवरडोज के कारण हुई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जानकारी के अनुसार, अनमोल का शव मेहतपुर पुलिस स्टेशन से लगभग आधा किलोमीटर दूर पाया गया। मौके से एक सिरिंज और एक बोतल भी बरामद होने की बात कही जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतक की मां का रोते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। एक सप्ताह में मौत का तीसरा मामला मेहतपुर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और कहा है कि मौत के सही कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। बता दे कि यह एक सप्ताह में इलाके में तीसरी संदिग्ध मौत है। इससे पहले, 7 मार्च को उधोवाल गांव का कबड्डी खिलाड़ी वंश गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर बालोकी खेड़ा रोड पर मृत पाया गया था। 6 मार्च को सरपंच की हुई मौत उस मामले में भी लोगों ने ड्रग ओवरडोज से मौत की आशंका जताई थी, लेकिन किसी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की थी। दो सप्ताह पहले, बूटे दियां चन्नन गांव के सरपंच महिंदर सिंह की भी मौत हो गई थी। ड्रग तस्करी के खिलाफ आवाज उठाने वाले सरपंच पर हमलावरों ने हमला किया था, जिसके बाद 6 मार्च को इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हत्या के बाद डर के माहौल में जी रहे लोग इस मामले में विवाद बढ़ने के बाद मेहतपुर थाने के एक मुंशी को निलंबित भी किया गया था। पेंडू मजदूर यूनियन के नेता तरसेम पीटर ने बताया कि ड्रग तस्करों के खिलाफ बोलने वाले सरपंच की हत्या के बाद से इलाके के लोग डर के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अनमोल के शव के पास कई लोगों ने सिरिंज देखी थी, लेकिन वे खुलकर बोलने से कतरा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *