मोहाली के खरड़ सिटी थाने में पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके पति और उसकी कथित गर्लफ्रेंड के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि पति ने अपनी महिला मित्र के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़े जाने पर पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। 35 वर्षीय जसमीत कौर निवासी लांडरा रोड, खरड़ ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 17 नवंबर 2017 को कुलदीप मलिक से हुई थी। उनके दो बेटे हैं। जसमीत कौर के अनुसार, उनके पति CISF में सिपाही के पद पर कार्यरत हैं। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति के एक अन्य महिला के साथ अवैध संबंध हैं, जिस कारण घर में अक्सर क्लेश होता रहता था। घटना वाली रात करीब 8 बजे पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद पति कथित तौर पर अपनी महिला मित्र से मिलने चला गया। पति का पीछा करते हुए एक मकान में पहुंची जसमीत कौर ने बताया कि जब वह अपने पति का पीछा करते हुए बडाली रोड स्थित एक मकान में पहुंची, तो उसने अपने पति और गर्लफ्रेंड को आपत्तिजनक हालत में पाया। उन्हें देखकर पति और कथित महिला मित्र ने जसमीत कौर के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने उसके चेहरे पर मुक्के मारे, जिससे उसका एक दांत टूट गया। वहीं, आरोपी महिला मित्र ने भी उसे थप्पड़ मारे और चोटें पहुंचाईं। मारपीट के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। भाई ने कराया अस्पताल में भर्ती घटना के बाद घायल जसमीत कौर को उसके भाई गुरदीप सिंह ने सिविल अस्पताल खरड़ में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच के आधार पर आरोपी कुलदीप मलिक और उसकी महिला दोस्त के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। खरड़ सिटी पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।