लुटेरों को ट्रैक्टर के पीछे बांधकर गांव में दौड़ाया:डंडे मारते रहे, छोड़ने के लिए मिन्नतें की; तरनतारन में किसान से मोबाइल-पर्स छीना था

तरनतारन में विधानसभा हलका पट्टी के गांव ढोटियां में दातर के बल पर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले 3 लुटेरों को ग्रामीणों ने घेरकर काबू कर लिया। तीनों की पहले मारपीट की गई, उनके हाथ बांधे, फिर ट्रैक्टर के पीछे बांधकर गांव में दौड़ाया। इस दौरान वे छोड़ने के लिए मिन्नतें करते है। इसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर आकर तीनों लुटेरों को पकड़ा और कार्रवाई शुरू की। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद थाना सरहाली पुलिस ने जांच तेज की है। बेटी को छोड़कर लौट रहे किसान को लूटा जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को गांव ढोटियां के रहने वाले किसान सरबजीत सिंह अपनी बेटी को बस अड्डा छोड़ने के लिए मोटरसाइकिल पर गए थे। शाम करीब 6 बजे वह बेटी को बस पर बिठाकर गांव लौट रहे थे कि रास्ते में 3 लुटेरों ने सरबजीत को घेर लिया। लुटेरों ने दातर के बल पर उनसे मोबाइल और पर्स छीन लिया। पर्स में 1800 रुपए थे। किसान ने बहादुरी से तीनों का मुकाबला करते हुए उन्हें उलझाते हुए शोर मचाया। इस दौरान ग्रामीणों ने लाउड स्पीकर पर पूरे गांव के लोगों को सरबजीत सिंह द्वारा बताई जगह पर पहुंचने को कहा। लोगों ने पकड़ा, ट्रैक्टर के पीछे घसीटा इसके बाद करीब 20 किसान ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे, जिन्होंने तीनों लुटेरों को काबू कर पहले मारपीट की, फिर उनके हाथ बांधकर ट्रैक्टर के पीछे बांधा और पूरे गांव का चक्कर लगाया। ट्रैक्टर के पीछे चक्कर लगाते समय तीनों की लाठियों से मारपीट भी की गई। इस पूरी घटना का दो मिनट 21 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस चौकी नौशहरा पन्नुआं के प्रभारी सलविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और तीनों लुटेरों को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से एक दातर भी बरामद हुआ। एक आरोपी पर पहले से मामले दर्ज इस बारे में डीएसपी जगजीत सिंह चहल का कहना है कि थाना सरहाली के प्रभारी बिंदरजीत सिंह को मामले की सारी जांच सौंपी गई है। हिरासत में लिए गए लुटेरों की पहचान लवदीप सिंह, जगरूप सिंह और गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। ये सभी सरहाली के रहने वाले हैं। जगरूप सिंह के खिलाफ चोरी और लूटपाट के पहले भी मामले दर्ज हैं। ट्रैक्टर के पीछे तीनों को बांधकर मारपीट करने की अभी जांच जारी है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *