सुपौल के राजेश्वरी थाना क्षेत्र से गुरुवार को कानून और मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां गांव के लोगों ने एक नाबालिग लड़के की बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसकी जबरन शादी एक नाबालिग लड़की से करा दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि घटना राजेश्वरी थाना क्षेत्र की है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग एक नाबालिग लड़के को घेरकर उसकी पिटाई कर रहे हैं। भीड़ उस पर लड़की का नाम बताने और उससे शादी करने का दबाव बना रही है। देखें, मौके से आई तस्वीरें… आइए, सिलसिलेवार जानें पूरा मामला … ग्रामीणों ने मारपीट के बाद कराई शादी इस दौरान लड़का बार-बार कहता सुनाई देता है कि अभी उसकी पढ़ाई की उम्र है और वह शादी नहीं करना चाहता। वह लोगों से गुहार लगाते हुए कहता है कि पढ़ाई पूरी होने के बाद शादी कर लेगा, लेकिन भीड़ उसकी एक नहीं सुनती और मारपीट करते हुए दोनों की जबरन शादी करा देती है। 8 महीने पहले सोशल मीडिया पर हुई थी दोस्ती जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़के की करीब आठ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से पास के गांव की एक लड़की से दोस्ती हुई थी। बुधवार (11 मार्च) की शाम लड़की ने फोन कर उसे गोचर भतनी टोला स्थित एक मंदिर के पास मिलने के लिए बुलाया था। जब दोनों वहां मिले, तभी गांव के कुछ युवकों ने उन्हें देख लिया और लड़के को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि भीड़ ने लड़के को जान से मारने की कोशिश भी की। शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल घटना के दौरान किसी ने मारपीट और जबरन शादी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और मामले को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। लड़के के पिता ने कहा- बेटे की अपहरण किया इधर, लड़के के पिता ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए चार नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों पर उनके बेटे प्रिंस का अपहरण कर जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम वे प्रिंस को गोचर हटिया सामान लाने के लिए भेजे थे, जिसके बाद से वह घर नहीं लौटा। परिवार का कहना है कि रात करीब 12 बजे ही डायल 112 और स्थानीय थाना को घटना की सूचना दे दी गई थी, लेकिन अब तक न तो प्राथमिकी दर्ज की गई है और न ही उनके बेटे की बरामदगी हो सकी है। परिजनों को आशंका है कि कहीं उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी न हो जाए। एसपी बोले- मामले की जांच कराई जा रही वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोग पूरे मामले में त्वरित कार्रवाई और लड़के की सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे हैं। वहीं सुपौल के एसपी शरथ आर.एस. ने कहा है कि घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच कराई जा रही है। एसडीपीओ बोले-लड़के की बरामदगी नहीं हो पाई है मामले को लेकर एसपी शरथ आरएस से गुरुवार को जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि कांड दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है मामले को देख रहे हैं लड़का के रिकवरी को लेकर जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एसडीपीओ से बात कर लीजिए। मामले को लेकर जब गुरुवार शाम को एसडीपीओ विभाष कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि टीम निकली है अब तक लड़का की बरामदगी नहीं हो पाई है।