शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने मोगा जिले में पजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब के लोग मौजूदा सरकार से पूरी तरह निराश हो चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में राज्य में फिर से अकाली दल की सरकार बनेगी। सुखबीर बादल कस्बा बाघापुराना की मुख्य अनाज मंडी में आयोजित ‘पंजाब बचाओ’ रैली को संबोधित कर रहे थे। यह रैली शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज जत्थेदार तीर्थ सिंह माहला के नेतृत्व में आयोजित की गई। रैली को संबोधित करते हुए सुखबीर बादल ने किसानों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर किसानों को खेती के लिए 12 घंटे बिजली दी जाएगी, ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी दोहराया कि अकाली दल हमेशा किसानों और आम लोगों के हितों के लिए काम करता आया है और भविष्य में भी यह जारी रहेगा। पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल की योजनाओं को याद किया उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को भी याद किया। इनमें बुजुर्गों के लिए पेंशन योजना, गरीब परिवारों के लिए नीले कार्ड, आटा-दाल स्कीम और बेटियों के लिए शगुन योजना शामिल हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि अकाली दल की सरकार हमेशा लोगों की भलाई के लिए प्रतिबद्ध रही है। सुखबीर बादल ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जब फिर से अकाली दल की सरकार बनेगी तो बेटियों के विवाह के लिए शगुन योजना के तहत 1 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 10 लाख रुपए तक का बिना ब्याज का ऋण दिया जाएगा। मौजूद सरकार में युवा बेरोजगार : बादल उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार के समय साढ़े तीन लाख से अधिक युवाओं को नौकरियां दी गई थीं, जबकि मौजूदा सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह असफल रही है। राज्य में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और युवा विदेशों की ओर जा रहे हैं। सुखबीर बादल ने यह भी कहा कि अकाली दल की सरकार के समय स्कूलों में पढ़ने वाली लड़कियों को साइकिल दी जाती थी, ताकि वे आसानी से स्कूल जा सकें, लेकिन वर्तमान सरकार ने यह योजना भी बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर इन योजनाओं को फिर से शुरू किया जाएगा। सरकार बनने पर खत्म किए जाएंगे झूठे केस उन्होंने मौजूदा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि झाड़ू वालों ने अकाली दल के कार्यकर्ताओं पर कई झूठे मामले दर्ज किए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जैसे ही अकाली दल की सरकार बनेगी, इन सभी झूठे मामलों को रद्द किया जाएगा और कार्यकर्ताओं को न्याय मिलेगा। सुखबीर बादल ने बाघा पुराना हलके के इंचार्ज जत्थेदार तीर्थ सिंह माहला की प्रशंसा करते हुए कहा कि माहला जैसा समर्पित नेता आपको कभी नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि माहला हमेशा लोगों की समस्याओं के लिए तैयार रहते हैं और कई बार रात 11 बजे तक थानों के बाहर बैठकर लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करते हैं। बिक्रम मजीठिया ने भी बोला सरकार पर हमला रैली के दौरान अकाली दल के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी जोश देखने को मिला और लोगों ने पार्टी के समर्थन में नारेबाजी की। इस अवसर पर विशेष रूप से पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी सत्ताधारी पार्टी पर तीखा हमला किया। मजीठिया ने कहा कि, वह किसी भी दबाव या डर से घबराने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया, लेकिन वह न झुके हैं और न ही डरे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबियों की पहचान ही संघर्ष से होती है और वह हमेशा सच के साथ खड़े रहेंगे। मजीठिया ने बताया कि उन्होंने 6–7 महीने जेल में बिताए, लेकिन उनका हौसला नहीं टूटा। प्रदेश में बदलाव के नाम पर सिर्फ धोखा : मजीठिया उन्होंने कहा कि पंजाब की मौजूदा सरकार लोगों से किए वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में बदलाव के नाम पर लोगों को सिर्फ धोखा दिया गया है। इस अवसर पर जिला प्रधान निहाल सिंह भुल्लर, सनी गिल (हलका इंचार्ज मोगा), राजविंदर धर्मकोट (हलका इंचार्ज निहाल सिंह वाला), रजिंदर सिंह डल्ला धर्मकोट, खनमुख भारतीय पत्तो जिला शहरी प्रधान, बाल कृष्ण बाली, सुखजीत सिंह माहला सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। अंत में पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को जत्थेदार तीर्थ सिंह माहला, सुखजीत सिंह माहला और अन्य नेताओं ने सम्मानित किया।