लुधियाना के कोट मंगल सिंह इलाके में एक महिला से लूटपाट की वारदात सामने आई है। यहां रणजीत नगर गिल रोड स्थित सुप्रीम बिस्कुट फैक्ट्री के पास रहने वाली एक महिला से लुटेरे ने करीब 3 तोला सोने की चेन झपट ली। पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। महिला गगनदीप कौर गुरुवार सुबह करीब 11:15 बजे अपनी भांजी के साथ स्कूटी पर सवार होकर हरकृष्ण स्कूल से अपनी बेटी को लेने जा रही थी। गगनदीप के पति अकाउंट का काम करते हैं। 1 किलोमीटर तक किया पीछा, फिर दिया वारदात को अंजाम CCTV फुटेज की जांच में सामने आया कि लुटेरा काफी समय से गगनदीप कौर का पीछा कर रहा था। लुटेरा भी स्कूटी पर सवार था। उसने लाल रंग की शर्ट सिर पर टोपी और काला चश्मा लगा रखा था। जैसे ही गगनदीप अपने घर के मोड़ से निकली लुटेरे ने करीब 1 किलोमीटर तक उसका पीछा किया। एक सुनसान जगह देखते ही लुटेरे ने झपट्टा मारा और गगनदीप के गले से ढाई से तीन तोले की सोने की चेन, कीमत करीब ₹2.15 लाख, खींचकर फरार हो गया। फुटेज में दिख रहा है कि चेन छिनने के बाद महिला ने बहादुरी दिखाते हुए चोर का पीछा भी किया लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में भागने में कामयाब रहा। पुलिस की कार्रवाई: जांच जारी पीड़ित परिवार ने इस संबंध में पुलिस थाना 6 ढोलेवाल में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि लुटेरे को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।