लुधियाना में गिल रोड नजदीक अरोड़ा पैलेस पर सड़क हादसे दौरान एक युवक की मौत हो गई। मरने वाला परिवार का इकलौता बेटा था। खराब सड़क के कारण उसकी बाइक स्लिप हो गई और वह बीच सड़क गिर गया। पीछे से आ रहे ट्राले ने उसे चपेट में ले लिया, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक 28 वर्षीय युवक की पहचान गोल्डी निवासी एटीआई रोड के रुप में हुई। हादसे के बाद करीब दो घंटे तक युवक का शव सड़क पर ही पड़ा रहा, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बाद में थाना शिमलापुरी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को उठवाया और सिविल अस्पताल में रखवाया। प्राइवेट नौकरी करता था युवक गोल्डी प्राइवेट नौकरी करता था। गुरुवार की शाम करीब 4 बजे वह अरोड़ा पैलेस के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान खराब सड़क के कारण उसकी बाइक स्लिप हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। तभी पीछे से आ रहे ट्राले ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने भी युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश नहीं की। देर शाम थाना शिमलापुरी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पिता का हो चुका निधन परिवार के मुताबिक, गोल्डी के पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि उसकी मां लंबे समय से बीमार हैं और बिस्तर पर हैं। गोल्डी परिवार का इकलौता बेटा था और उसी के सहारे घर चल रहा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थाना शिमलापुरी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और ट्राला ड्राइवर की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, इलाके के लोगों ने खराब सड़कों को हादसों का मुख्य कारण बताते हुए प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।