करनाल में सौतेल पिता ने किया नाबालिग से रेप:मां को बताया तो उसने भी की मारपीट; घर से भागकर पहुंची अपना आशियाना आश्रम में

करनाल में एक 14 साल की नाबालिग लड़की ने अपने सौतेले पिता पर रेप सहित गलत काम करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। बच्ची का कहना है कि सौतेला पिता लंबे समय से उसके साथ गलत हरकतें कर रहा था और विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया जाता था। जब उसने यह बात अपनी मां को बताई तो मां ने भी उसका साथ देने की बजाय उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वह घर से भागकर करनाल पहुंची और किसी तरह अपना आशियाना आश्रम की टीम से संपर्क किया। आश्रम की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डेढ़-दो साल से करता था बैडटच
नाबालिग की काउंसलिंग अपना आशियाना आश्रम की टीम की सदस्य अनु मदान ने की। काउंसलिंग के दौरान बच्ची ने बताया कि उसके असली पिता की करीब 12 साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद उसकी मां दूसरे व्यक्ति के साथ रहने लगी। परिवार में उसकी मां और दो भाई भी हैं। बच्ची के अनुसार उसका सौतेला पिता करीब डेढ़ से दो साल से उसके साथ बैडटच करता आ रहा है और कई बार गलत काम भी कर चुका है। जब भी वह इसका विरोध करती थी तो उसे डराया और धमकाया जाता था। फरवरी में भी हुआ गलत काम
नाबालिग ने बताया कि फरवरी महीने में भी उसके साथ गलत काम किया गया। इससे पहले भी दो-तीन बार उसके साथ गलत हरकतें हो चुकी थीं। बच्ची का कहना है कि उसका सौतेला पिता अक्सर कहता था कि वह उसे अच्छी लगती है। इससे वह काफी डरी और परेशान रहने लगी। मां को बताया तो नहीं किया विश्वास
नाबालिग के अनुसार उसने अपनी मां को बैडटच की बात बताई थी। उस समय मां ने उसके सौतेले पिता को घर से बाहर निकाल दिया था। लेकिन बाद में वह फिर से घर वापस आ गया। इसके बाद मां ने उल्टा उसे ही डांटा और कहा कि वह अपने पिता के बारे में गलत बातें कर रही है। बच्ची का कहना है कि उसकी मां को उस पर विश्वास नहीं होता। उसके सौतेले पिता डिलीवरी का काम करते हैं। आश्रम ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
अपना आशियाना आश्रम की सदस्य अनु मदान ने बताया कि बच्ची के साथ गंभीर गलत हुआ है। मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस और सीडब्ल्यूसी टीम कर रही जांच
मामले के जांच अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि एक लड़की ने अपने सौतेले पिता पर गलत काम करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने के बाद बाल कल्याण समिति की टीम भी मौके पर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि जो भी शिकायत मिलेगी, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *