हांसी में जननायक जनता पार्टी(जेजेपी) की आज जनचेतना रैली है। जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला के जन्मदिन पर यह रैली रखी गई है। रैली में यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव शामिल हो सकते हैं। आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव, उत्तराखंड से विधायक उमेश शर्मा, राजस्थान से विधायक रविंद्र सिंह भाटी, पंजाब से परमिंद्र सिंह ढींढसा सहित सिंगर हनी सिंह और मासूम शर्मा को रैली के लिए निमंत्रण भेजा गया है। रैली में डॉ. अजय चौटाला हरियाणा आगामी लोकसभा या विधानसभा चुनाव लड़ने की मंच से घोषणा कर सकते हैं। अभी तक जेबीटी टीचर भर्ती मामले में सजा के कारण वह कानूनी रूप से चुनाव नहीं लड़ पा रहे थे। 2022 में उनकी सजा पूरी हो चुकी है। ऐसे में 6 साल बाद वह कानूनी रूप से चुनाव लड़ पाएंगे। वह मंच से इसका ऐलान कर सकते हैं। मंच पर ही लड्डुओं का 65 किलो का केक डॉ. अजय सिंह चौटाला काटेंगे। इन दो कारणों से रैली कर रही जजपा… जानिए कौन हैं अजय चौटाला अजय सिंह चौटाला हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला के बड़े बेटे और हरियाणा के वर्तमान उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पिता हैं। अजय चौटाला राजस्थान से दो बार विधायक रह चुके हैं। अजय चौटाला को पहली बार 1989 में सीकर जिले के दातांरामगढ सीट से विधायक रहने का मौका मिला। फिर इसके बाद वे 1993 में हनुमंगढ़ जिले के नोहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। अजय चौटाला 1999 में भिवानी लोकसभा से सांसद बने। इसके बाद वे 2004 में हरियाणा से राज्यसभा के सांसद बने। इसके बाद वे 2009 में डबवाली से विधायक बने। 2013 में सुनाई गई थी सजा रोहिणी स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने 16 जनवरी 2013 को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला और उनके बेटे अजय चौटाला समेत तीन सरकारी अधिकारियों को जेबीटी भर्ती घोटाले के आरोप में 10 साल की सजा सुनाई थी। सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के कारण ओमप्रकाश चौटाला की करीब आठ माह पहले विशेष छूट के तहत सजा पूरी हो गई थी। अजय चौटाला ने सजा के दौरान समय-समय पर दो साल सात माह और 24 दिन पैरोल पर रहे। फरवरी 2022 में अजय चौटाला की सजा पूरी हुई थी। अब जानिए किस तरह रैली करेगी जजपा… अनाज मंडी में पंडाल लगाया रैली के लिए अनाज मंडी में एक विशाल पंडाल तैयार किया गया है। पूरे शहर को जेजेपी के झंडों और बैनरों से सजाया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन से हेलीकॉप्टर उतरने की भी अनुमति मांगी गई है और विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। थ्री लेयर मंच तैयार किया रैली स्थल पर तीन लेयर का एक विशेष मंच तैयार किया गया है। इस मंच पर वीआईपी, खाप प्रतिनिधि और जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के मित्र व सहयोगी बैठेंगे। महिलाओं और पुरुषों के लिए बैठने की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। फिलहाल करीब 5 हजार लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई गई हैं, जिनकी संख्या आवश्यकतानुसार बढ़ाई जा सकती है। ये सिंगर होंगे शामिल रैली में कई बड़े राजनीतिक नेताओं के साथ-साथ बॉलीवुड और हरियाणा-पंजाब के प्रसिद्ध गायक भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें पंजाबी पॉप सिंगर यो यो हनी सिंह, प्रेम ढिल्लों, हरियाणा के मशहूर गायक मासूम शर्मा, पंजाबी सिंगर निंजा, अमन जाजी, गिर्क अमन और राहुल फाजिलपुरिया जैसे कलाकार शामिल हैं। कलाकारों की प्रस्तुति के लिए रैली स्थल पर एक अलग मंच तैयार किया गया है।