जालंधर शहर के व्यस्त चिक्क-चिक्क चौक पर देर रात एक ट्रक और कार के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और उसमें सवार व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रक चालक की लापरवाही और कथित तौर पर शराब के नशे में होने के कारण यह दुर्घटना हुई। मौके पर पहुंची पीसीआर टीम ने स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू कर दी है। जालंधर के चिक्क-चिक्क चौक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सहायता उपलब्ध कराई।
रॉन्ग साइड और सड़क निर्माण बनी मुसीबत
हादसे के कारणों पर बात करते हुए ट्रक चालक ने बताया कि सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी वजह से ट्रैफिक को लगभग दो किलोमीटर तक रॉन्ग साइड (गलत दिशा) से डाइवर्ट किया गया है। ड्राइवर का तर्क था कि सरकार और प्रशासन द्वारा दिए गए डाइवर्जन की वजह से उसे गलत दिशा में आना पड़ा, जिसके कारण कार के साथ उसकी भिड़ंत हो गई। नशे में धुत था ट्रक ड्राइवर?
घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों और कार सवार के साथियों का आरोप है कि ट्रक ड्राइवर पूरी तरह से शराब के नशे में था। लोगों ने बताया कि ट्रक चालक अपनी गलती मानने के बजाय बहस कर रहा था। वहां मौजूद करीब 15-20 लोगों ने एक सुर में कहा कि ट्रक ड्राइवर की लापरवाही और नशे की वजह से ही यह हादसा हुआ है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से ड्राइवर का मेडिकल टेस्ट कराने की मांग की है। कार सवार व्यक्ति को लगी चोटें
इस हादसे में कार सवार व्यक्ति को चोटें आई हैं। चश्मदीदों ने कहा की घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाने की जरूरत है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।