अंबाला में पशुपालक की गंडासियों से काटकर हत्या:भैंस चुराने आए बदमाशों से भिड़ा; साथी घायल, भाग रहे चोरों की गाड़ी पलटी

अंबाला में बीत रात को भैंस चोरी करने आए बदमाशों ने पशुपालक की हत्या कर दी। उसने पशु चोरी का विरोध किया था। उस पर गंडासियों से ताबड़तोड़ वार किए गए। इस हमले में बीच-बचाव करने आए एक अन्य बुजुर्ग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वारदात के बाद भाग रहे बदमाशों की गाड़ी हाईवे पर पलट गई। हालांकि आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। पुलिस छानबीन में लगी है। मृतक की पहचान अंबाला जिले के गांव कालपी के जयदयाल के तौर पर हुई है। यह खौफनाक वारदात बीती रात को करीब 12:30 बजे की है। उस पूरा गांव सो रहा था। कालपी निवासी जय दयाल (52) अपने पशुओं की रखवाली कर रहे थे। तभी एक पिकअप गाड़ी में सवार होकर आए बदमाशों ने भैंसों को चोरी करने की कोशिश की। जय दयाल ने जब शोर मचाया और बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उन पर गंडासियों से हमला कर दिया। पास ही मौजूद रामरत्न (65) जब जय दयाल को बचाने आए, तो बदमाशों ने उन्हें भी लहूलुहान कर दिया। अत्यधिक खून बहने के कारण जय दयाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हाईवे पर पलटी बदमाशों की गाड़ी, आरोपी फरार वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाश भी हादसे का शिकार हो गए। ब्राह्मण माजरा मोड़ के पास बदमाशों की तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर नेशनल हाईवे पर पलट गई। पुलिस और राहगीरों के पहुंचने से पहले ही घायल बदमाश गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर खेतों के रास्ते भाग निकले। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। गाड़ी के अंदर से मिले सुरागों के आधार पर बदमाशों के गिरोह की पहचान की जा रही है। घटना के बाद गांव कालपी और आसपास के इलाकों में भारी दहशत का माहौल है। पशुपालक की हत्या की सूचना मिलते ही डीएसपी बराड़ा सुरेश शर्मा और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *