मोहाली सरकारी डिपो में कीड़ों वाला गेहूं, हंगामा:विरोध के बाद सप्लाई रोकी गई, जांच के आदेश, अधिकारी बोले कार्यवाई होगी

बलटाना स्थित एक सरकारी राशन डिपो में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब राशन लेने पहुंचे लोगों ने गेहूं में कीड़े होने का आरोप लगाया। कुछ लोगों ने बोरी खोलकर गेहूं की जांच की तो उसमें कीड़े दिखाई दिए। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में रोष फैल गया और उन्होंने डिपो के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि सरकार द्वारा स्मार्ट कार्ड धारकों को दिए जा रहे गेहूं की गुणवत्ता बेहद खराब है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब परिवारों को मिलने वाले राशन में लगातार लापरवाही बरती जा रही है।
घटना के बाद रोकी गई सप्लाई मामले की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों की शिकायतें सुनीं। प्राथमिक जांच के बाद अधिकारियों ने तत्काल प्रभाव से डिपो से गेहूं की सप्लाई रोक दी और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अब मिलता है सिर्फ गेहूं स्थानीय निवासियों ने बताया कि पहले सरकारी डिपो से गेहूं के साथ-साथ चीनी, सरसों का तेल और विभिन्न प्रकार की दालें भी मिलती थीं, जिससे गरीब परिवारों को काफी राहत मिलती थी। हालांकि, अब कई वर्षों से केवल गेहूं ही वितरित किया जा रहा है। खराब गेहूं मिलने की जानकारी फैलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की और खराब राशन की सप्लाई तुरंत बंद करने की मांग की। उन्होंने जोर देकर कहा कि गरीब परिवारों को अच्छी गुणवत्ता का राशन उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
रिपोर्ट आने पर होगी कार्यवाई इस संबंध में डीएफएससी वरिंदर कुमार ने बताया, “मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएफएसओ को जांच के लिए मार्क कर दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की बनती कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *